कृष्ण कुमार यादव- बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कांग्रेस में अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह, जिला महामंत्री संजीव गुप्ता समेत 11 पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। पिछले दो दिनों से इस्तीफे की झड़ी लग गई है।
वही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिहर यादव ने लगातार इस्तीफों के क्रम को भाजपा के सर मढ़ दिया। हरिहर यादव ने कहा कि, कांग्रेस के नेता भाजपा के इशारे पर इस्तीफा दे रहा है। हालांकि उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि, आपसी तालमेल की कमी की वजह से कार्यकर्ता नाराज और नेताओं के बीच यह स्थिति बनी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयान पर भाजपा के जिला महामंत्री का पलटवार
इधर भाजपा के जिला महामंत्री भानूप्रकाश दीक्षित ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि, इस्तीफे दौर यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मसला है। परिवारवाद तो कांग्रेस की परंपरा रही है। इस घटनाक्रम में सबसे अहम बात तो यह है कि, कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक के करीबी नेताओं और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी पदाधिकारी भी शामिल है।
कार्यकर्ताओं और नेताओं में कार्यकारणी को लेकर असंतोष
2 मार्च को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने बलरामपुर कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन किया था। जिसके बाद से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं में कार्यकारणी को लेकर असंतोष उभरा था। पार्टी के अंदर खाने से दर्जन भर पदों से इस्तीफे की चर्चा तेज हुई थी। कांग्रेस पार्टी जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह, पार्टी के जिला महामंत्री संजीव गुप्ता 11 पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इस्तीफों को भाजपा का षड्यंत्र करार दे रहे हैं। जबकि इस्तीफों में स्पष्ट रूप से परिवारवाद को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर के नेताओं की उपेक्षा का उल्लेख है।
हरिहर यादव जिलाध्यक्ष कांग्रेस
इधर भाजपा ने कांग्रेस में लगातार इस्तीफों के क्रम को लेकर कहा कि, यह कांग्रेस की अंदरूनी कलह है। जो खुलकर सामने आ गई है। इसमें किसी प्रकार का भाजपा का षड्यंत्र नहीं है। भाजपा के जिला महामंत्री भानूप्रकाश दीक्षित ने कहा कि, कांग्रेस में परिवारवाद के नामपर कलह कोई नई बात नहीं है।
भानूप्रकाश दीक्षित जिला महामंत्री भाजपा
बहरहाल कांग्रेस जब प्रदेश की सत्ता में रही और जिले के दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक रहे तब भी कांग्रेस के भीतरखाने से उपेक्षा की खबरें निकलकर आती रही है। लेकिन कांग्रेस में हो रही इस्तीफों का ठीकरा कांग्रेस भाजपा के सर मढ़ने का काम कर रही है। भाजपा कांग्रेस को नसीहत देते नजर आ रही है। अब ऐसे में देखने वाली बात होगी कि, कांग्रेस की यह कलह भविष्य में होने वाले चुनाव परिणामों पर कितना असर डालेगी।