कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम बात कर रहे हैं बलौदाबाजार जिले की उन तीन सशक्त महिलाओं की, जो अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी क्षमता, नेतृत्व और निर्णय शक्ति से समाज में नई पहचान बना रही हैं। प्रशासन, पुलिस और राजनीति इन तीनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहीं ये महिलाएं जिले के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। आज की हमारी विशेष प्रस्तुति 'शक्ति की त्रिमूर्ति' में हम आपको मिलवाते हैं तीन नारी शक्तियों से जो अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी निभाते हुए समाज में बदलाव की मिसाल पेश कर रही हैं।
पुलिस की सख्त और संवेदनशील छवि- एसपी भावना गुप्ता
एसपी भावना गुप्ता जिले की कानून व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। एक महिला अधिकारी के रूप में पुलिस सेवा तक पहुंचने का सफर आसान नहीं होता। कड़ी मेहनत, अनुशासन और चुनौतियों से लड़ते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। एक महिला पुलिस अधिकारी होने के नाते उनके सामने कई जिम्मेदारियां होती हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण करना और साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना। एसपी के रूप में भावना गुप्ता की प्राथमिकता है कि जिले में अपराध पर सख्ती से अंकुश लगे और जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत हो।
बलौदाबाजार जिले की तीन महिलाएं प्रशासन, पुलिस और राजनीति इन तीनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहीं ये महिलाएं जिले के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। pic.twitter.com/Itb61Gx80V
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 8, 2026
प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी- CEO दिव्या अग्रवाल
प्रशासनिक क्षेत्र की दूसरी सशक्त महिला हैं, दिव्या अग्रवाल जो जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। दिव्या अग्रवाल बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और अपनी मेहनत के दम पर राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर प्रशासनिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। बलौदाबाजार जिला पंचायत CEO के रूप में उनका काम केवल योजनाओं को लागू करना ही नहीं, बल्कि गांव से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक तंत्र के बीच सामंजस्य स्थापित करना भी है। ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पंचायत स्तर की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रशासन के सबसे निचले स्तर से लेकर ऊपरी स्तर तक तालमेल बनाकर काम करना ही उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत है।
बलौदाबाजार जिले की तीन महिलाएं प्रशासन, पुलिस और राजनीति इन तीनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहीं ये महिलाएं जिले के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। pic.twitter.com/k95lnKER6D
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 8, 2026
राजनीति और समाज सेवा की युवा पहचान- आकांक्षा जायसवाल
तीसरी नारी शक्ति हैं आकांक्षा जायसवाल जो जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। युवा नेतृत्व, नई सोच और समाज सेवा की भावना के साथ उन्होंने राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका पारिवारिक परिवेश भी राजनीतिक रहा है। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ राजनीतिक जीवन की रणनीति और प्रशासनिक निर्णयों के बीच संतुलन बनाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। लेकिन आकांक्षा जायसवाल इन सभी जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाते हुए जिले के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।







