बलौदाबाजार जेल पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल : घंटेभर तक चली मुलाकात के बाद सरकार पर बरसे नेतागण

Balodabazar violence,Balodabazar Jail-State Congress Committee,dr. Shivkumar Dahria
X
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के सदस्य
बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में 10 जून को कलेक्ट्रेट परिसर में आग लगा दी गई। इस मामले में गिरफ्तार लोगों से मिलने शनिवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में 10 जून को हुई आगजनी कांड में गिरफ़्तार कांग्रेस के पदाधिकारियों और अन्य गिरफ्तार लोगों से शनिवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित समिति के सदस्य पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रेमचंद जायसी, समेत प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शनिवार की दोपहर 1 बजे बलौदाबाजार उप जेल पहुंचे।

जेल के अंदर लगभग एक घंटे तक मुलाकात के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। डॉ. शिवकुमार डहरिया ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि, बलौदाबाजार की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। जिसको सरकार और प्रशासन रोकने में असफल रही। सरकार ने अपनी नाकामी को छुपाने कांग्रेस के लोगों को और समाज के निरपराध लोगों को गिरफ्तार किया है।

कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

जेल में बंद लोगों ने आज बताया कि, पुलिस कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवा रही है और बार-बार कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव का नाम लेने का दबाव बना रही थी। डॉ. डहरिया ने आगे कहा कि, जेल में बंद लोगों ने बताया कि, किसने आग लगाई उसका वीडियो फुटेज जारी किया जाना चाहिए। किसने आग लगाई और कौन पत्थरबाजी कर रहा है। जो इस कृत्य में शामिल ही नहीं थे उनको अपराधी बना दिया गया है। जेलों में बंद लोगों के बताये अनुसार पूरे घटनाक्रम में भीम आर्मी, भीम क्रांति, भीम रेजीमेंट सहित सतनाम सेना के लोग पूरे भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे।

निष्पक्ष कार्रवाई हो

डॉ. शिव डहरिया और धनेन्द्र साहू ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार निरपराध लोगों पर कार्यवाही बंद करे। पुलिस निष्पक्ष होकर कार्यवाही करे। सरकार कोई भी स्थायी नहीं रहती। जिस तरीक़े से घटना से बचने के लिए सतनामी समाज और कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास सरकार कर रही है, उससे आम जनता भी समझ रही है। अगर समय समाज की माँग पर सीबीआई जाँच की माँग को मान लेते तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।

इसे भी पढ़ें...देवेंद्र यादव को बड़ा झटका : कोर्ट ने 7 दिन की न्यायिक रिमांड बढ़ाई, 9 सितंबर को होगी अगली पेशी

खुफिया तंत्र नाकाम रहा

सरकार का इंटेलीजेंट और खुफिया तंत्र पूरी तरह नाकाम रहा। घटना को राजनीतिक रंग देने के लिए मात्र 5 मिनट के लिए समाज के लोगों के बुलावे पर आये विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ़्तार किया गया। उनके साथ सभा में शामिल हुए बेगुनाह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बड़ी बड़ी धारा में गिरफ़्तार कर लिया गया है जो पूरी तरह निर्दोष हैं। दूसरी तरफ आंदोलन में शामिल होने वाले भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि जिसने भोजन पंडाल की व्यवस्था की, जिन्होंने मंच से भाषण भी दिया उनपर कोई कार्यवाही नहीं किया जाना भाजपा सरकार के पक्षपातपूर्ण रवैया को दर्शाता है।

इनसे मिला प्रतिनिधिमंडल

बलौदाबाजार उप जेल में बंद जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, एनएसयूआई के अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, अनुसूचित जाति कांग्रेस के अध्यक्ष जितेंद्र नवरत्न, पार्षद गोल्डी मारैया सहित विजय बंजारे, दिनेश बंजारे से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाक़ात की।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story