कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम रोहंसी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय निखिल कनौजे के रूप में हुई है, जो बलौदा बाजार के इंदिरा कॉलोनी का रहने वाला था। निखिल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार क्रूजर वाहन के चालक ने कथित रूप से शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि निखिल एवं अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे में निखिल की दो बहनें भी घायल हुई हैं, जिनका उपचार बलौदा बाजार के एक निजी अस्पताल में जारी है। घटना के बाद घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया था। निजी अस्पताल उपचार के दौरान निखिल ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि, निखिल कनौजे भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहा था और छुट्टी में अपने घर आया हुआ था। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी है। हाल ही में सिमगा क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी और 26 से अधिक लोग घायल हुए थे।