कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कब किसके साथ कोई हादसा हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। सड़क दुर्घटना की एक घटना पूरे परिवार की जिंदगी बदल देती है। ऐसे में इलाज के साथ-साथ सबसे बड़ी चिंता होती है अस्पताल के भारी-भरकम खर्च की। अब इन चिंताओं को दूर करने के लिए बलौदाबाजार में प्रधानमंत्री राहत योजना की शुरुआत कर दी गई है।
दरअसल, बलौदाबाजार जिले में सड़क दुर्घटना के घायलों के लिए बड़ी राहत की पहल की गई है। 13 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम राहत योजना का क्रियान्वयन अब जिले में भी आरंभ हो गया है।
अब परिजनों को नहीं करना होगा पैसे खर्च
इस योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के दौरान तत्काल उपचार दिया जाएगा। साथ ही अस्पताल में भर्ती अवधि में सात दिनों तक या अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक का उपचार पूरी तरह कैशलेस उपलब्ध कराया जाएगा। यानी घायल व्यक्ति या उसके परिजनों को इलाज के लिए जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि योजना के अंतर्गत राज्य के सभी मान्यता प्राप्त अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही आयुष्मान भारत योजना से जुड़े 1605 अस्पतालों में भी घायलों का उपचार किया जाएगा। इस योजना को अन्य स्वास्थ्य बीमा योजनाओं की तुलना में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
पीएम राहत योजना जिंदगियां बचाने में मददगार
अक्सर देखा जाता है कि, दुर्घटना के बाद परिवार पहले इलाज और फिर खर्च की चिंता में टूट जाता है। ऐसे कठिन समय में यह योजना न केवल आर्थिक संबल देगी, बल्कि समय पर उपचार सुनिश्चित कर कई जिंदगियां बचाने में मददगार साबित होगी।