कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। जिले के कसडोल पुलिस ने फरार चल रहे कांग्रेस नेता और ढाबा संचालक भागवत थवाईत को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद कसडोल थाना पुलिस ने उसे ग्राम कटगी ले जाकर कटगी क्षेत्र में जुलूस के रूप में घुमाया।
मिली जानकारी के अनुसार, भागवत थवाईत अपने ढाबे में अवैध रूप से शराब बेच रहा था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने प्रशासन से की थी। शिकायत से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के लोगों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और दबंगई की थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
चार आरोपियों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान आरोपी के पिता संतोष थवाईत सहित चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी भागवत थवाईत फरार हो गया था, जिसकी तलाश जारी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने का दिया संदेश
वहीं इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती भी साफ नजर आ रही है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)