कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के विकासखंड सिमगा स्थित कबीर पंथियों की आस्था का प्रमुख केंद्र दामाखेड़ा अब विधिवत रूप से 'कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा' के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि सीएम विष्णु देव साय ने 23 फरवरी 2024 को दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह 'माघी मेला' में सहभागिता के दौरान दामाखेड़ा का नाम बदलकर कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा किए जाने की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जून माह में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया।
माघ पूर्णिमा के अवसर पर होता है विशाल संत समागम समारोह का आयोजन
कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा में प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर विशाल संत समागम समारोह एवं माघी मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह स्थान कबीर पंथियों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विख्यात है।