देवसुंद्र गांव के बाहर तालाब के पास एक खतरनाक मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरा और दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

कुश अग्रवाल - बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवसुंद्र में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक युवक ट्रैक्टर चलाना नहीं आता था, जो उसके लिए जानलेवा साबित हुई। इस घटना में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घूमने निकले 2 दोस्त, बने हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गांव के दो युवक ट्रैक्टर लेकर घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक युवक ने ट्रैक्टर चलाने की इच्छा जताई, जबकि उसे वाहन चलाने का कोई अनुभव नहीं था। इसके बावजूद उसे ट्रैक्टर चलाने दे दिय़ा गया जो आगे चलकर दुर्घटना का कारण बनी।

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर
गांव के बाहर तालाब के पास एक खतरनाक मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरा और दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। ट्रैक्टर चला रहा युवक स्टेयरिंग के नीचे दबा हुआ था। करीब आधे घंटे तक वे वहीं फंसे रहे, जिससे स्थिति बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन ट्रैक्टर का वजन अधिक होने के कारण उसे तुरंत हटाना संभव नहीं था। बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रैक्टर हटाया गया और दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।

एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसे में राहुल मानिकपुरी (19 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका 17 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक घटना वाले दिन ही रायपुर से अपने गांव आया था। इस हादसे ने एक बार फिर लापरवाही और बिना अनुभव वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।

पुलिस जांच में जुटी
पलारी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)