कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलौदाबाजार जिले के विकासखण्ड पलारी के ग्राम ओड़ान में आयोजित गोंडवाना आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन बावनगढ़ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तुरतुरिया माता महासभा लवन के तत्वावधान में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंधे 28 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज की मांगों पर महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कसडोल में कंवर समाज सामुदायिक भवन तथा नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम ओड़ान के बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए तथा ओड़ान के शनि मंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की।
सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को एकजुट बनाते हैं
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज संगठित होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज को नई दिशा देने की अपील की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।