कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कलेक्टर कुलदीप शर्मा आज पलारी विकासखंड के अनु-विभागीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक गतिविधियों, ग्राम सभाओं की तैयारियों और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिले की 500 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित ग्राम सभाओं के आयोजन को लेकर कलेक्टर ने संबंधित ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया और बैठक में शामिल होकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम सभा का आयोजन पारदर्शी, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी के साथ किया जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।
जल संरक्षण अभियान पर जोर
दौरे के दौरान कलेक्टर शर्मा ने जिले में चल रहे जल संरक्षण अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने पलारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों से ओपीडी, पैथोलॉजी, एनआईसी केंद्र सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। प्रत्येक कक्ष में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में पूछा
कलेक्टर ने ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में पूछताछ की और निर्देश दिए कि सुबह एवं शाम आने वाले मरीजों का अलग-अलग समयानुसार पंजीयन रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि आंकड़ों का सही संधारण हो सके।
भवन सुधार और डॉक्टरों की कमी पर निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की मरम्मत एवं सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शीघ्र ही आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराकर इस कमी को दूर किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्ट नजर आए। वहीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सेवाओं में निरंतर सुधार के निर्देश भी दिए।