haribhoomi hindi news
बलौदा बाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम कटगी में देर रात भीषण आग से ‘रमेश ऑटो पार्ट्स’ दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटगी में देर रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कटगी निवासी रमेश कुमार थवाईत की 'रमेश ऑटो पार्ट्स' दुकान में बीती रात करीब 1:00 बजे आग लग गई, जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें 20 से 25 फीट तक ऊंची उठ रही थीं। दुकान में प्लास्टिक सामान और टायर अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि रात करीब 1 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी।

मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं नगर पंचायत कसडोल और नगर सेना कार्यालय से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दुकान का पूरा सामान जलकर खाक
दुकान दो मंजिला भवन में स्थित थी, जिसमें नीचे दुकान और ऊपर व पीछे मालिक का निवास था। राहत की बात यह रही कि, समय रहते परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और आग रिहायशी हिस्से तक नहीं पहुंची। हालांकि इस भीषण आग में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया, साथ ही पीछे कमरे में रखे करीब 7 लाख रुपये नकद भी जल गए। 

पुलिस कर रही जांच
इस हादसे में कुल मिलाकर 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। मामले की जांच कसडोल थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7