Logo
युवाओं के सुनियोजित करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लक्ष्य को लेकर ऑडिटोरियम में एक भव्य एवं प्रेरणादायी युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार जिले में युवाओं के सुनियोजित करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लक्ष्य को लेकर ऑडिटोरियम में एक भव्य एवं प्रेरणादायी युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि करियर निर्माण के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और निरंतर कठोर परिश्रम सबसे आवश्यक तत्व हैं। उन्होंने युवाओं को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन की कठिनाइयाँ ही आगे चलकर सफलता की मजबूत नींव बनती हैं। मंत्री चौधरी ने युवाओं से करियर से जुड़ी पुस्तकें पढ़ने, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी रखने और समयबद्ध तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले या सीमित संसाधनों वाले विद्यार्थी कभी खुद को कमजोर न समझें, क्योंकि संघर्ष से गुजरने वाले विद्यार्थियों का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। 

अपने संघर्ष के दिनों को किया याद 
वित्त मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, जो भी काम करो, बेहतरीन करो। बहाने मत बनाओ और मेहनत में कभी कमी मत आने दो। संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकदार होगी। अपने जीवन के संघर्षपूर्ण दिनों को साझा करते हुए बताया कि किस तरह रायगढ़ जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी की और सबसे कम उम्र के आईएएस अधिकारियों में स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम के दौरान 'हम होंगे कामयाब' योजना के अंतर्गत युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले में पुलिस भर्ती में चयनित युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
कार्यक्रम में बलौदा बाजार विधायक के मंत्री टंक राम वर्मा कलेक्टर दीपक सोनी पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता भाटापारा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे और उन्होंने वित्त मंत्री के अनुभवों व मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त की।

5379487