बलौदा बाजार में संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में वैष्णवी महिला स्वयं सहायता समूह ने स्टॉल लगाया। कलेक्टर ने भी उनसे खरीददारी की।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। होली के पावन त्योहार के अवसर पर बलौदा बाजार के संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में वैष्णवी महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा हाथों से निर्मित हर्बल गुलाल के स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा स्वयं स्टॉल पर पहुंचे और महिला समूहों से हर्बल गुलाल की खरीदारी की।

प्राकृतिक गुलाल पूरी तरह सुरक्षित 
कलेक्टर ने गुलाल निर्माण की पूरी प्रक्रिया, उपयोग की जाने वाली प्राकृतिक सामग्रियों और इसकी लागत के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समूह द्वारा तैयार किया जा रहा यह हर्बल गुलाल पर्यावरण के लिए बेहद उपयुक्त है। रासायनिक रंगों से जहां त्वचा और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है, वहीं प्राकृतिक गुलाल पूरी तरह सुरक्षित और लाभकारी होता है।

यह पहल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम : कलेक्टर 
उन्होंने महिला समूहों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि, यह पहल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम है और ऐसे नवाचारों से न केवल आजीविका के अवसर बढ़ते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी फैलती है। कलेक्टर ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग हंसी-खुशी, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा अधिक से अधिक प्राकृतिक गुलाल का ही उपयोग करें। उन्होंने महिलाओं के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि पूर्ण रूप से प्राकृतिक गुलाल का प्रयोग करना सुरक्षित भी है और इसका कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होता।