कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। पंडित चक्रपाणी शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान बलौदा बाजार में आयोजित विशाल समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन हितग्राहियों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से 495 करोड़ 96 लाख रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में अंतरित किए। इस अवसर पर उनका पारंपरिक खुम्हरी पहनाकर सम्मान किया गया।
योजना के तहत 10 हजार रुपये वार्षिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का उद्देश्य उन भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा देना है, जो दूसरों के खेतों में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। प्रत्येक हितग्राही को 10,000 रुपये वार्षिक सहायता दी जा रही है। लाभार्थियों में 22,028 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं, जो पहली बार इस स्तर पर लाभान्वित हुए हैं।
'योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे'- मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बलौदाबाजार की ऐतिहासिक और धार्मिक धरा में आकर वे गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने पिछले वर्ष योजना से मिली राशि के बेहतर उपयोग की चर्चा करते हुए कहा कि इस योजना ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
आवास, धान खरीदी और महतारी वंदन पर बड़ा अपडेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार 'मोदी की गारंटी' के वादों को तेजी से पूरा कर रहे हैं। उन्होंने प्रमुख निर्णयों का उल्लेख किया-
- 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति
- महतारी वंदन योजना
- 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की ₹3100 प्रति क्विंटल में खरीदी
- होली से पहले धान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान
सिंचाई परियोजनाओं और सुरभि गोधाम योजना पर विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि दो वर्षों में 10,500 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं ताकि अधिक खेतों तक पानी पहुंच सके। सुरभि गोधाम योजना के तहत हर जिले में 10-10 गोधाम स्थापित किए जा रहे हैं, जहां मवेशियों के लिए चारा, पानी, आश्रय और चिकित्सकीय सुविधाएं होंगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
बिजली बिल बकाया समाधान योजना से उपभोक्ताओं को राहत
कोविड काल में बिजली बिल न चुका पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल बकाया भुगतान समाधान योजना शुरू की गई है। पंजीयन के बाद उपभोक्ता एप के माध्यम से राहत का लाभ ले सकते हैं।
नक्सलवाद पर बोलते हुए कहा- 'बस्तर में अंतिम चरण'
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद जल्द समाप्त होगा। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और क्षेत्र में विकास की नई धारा बहने वाली है।