राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एनएच-30 मार्ग पर जगतरा टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार यात्रियों से भरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में बस चालक और परिचालक सहित 8 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी सुमित कंपनी की स्लीपर बस सुकमा से दुर्ग की ओर जा रही थी। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब बस जगतरा टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खराब होकर खड़ी एक ट्रक में तेज रफ्तार बस सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के दौरान बस की ऊपरी स्लीपर सीटों पर सो रहे कई यात्री झटके के कारण नीचे गिर पड़े, जिससे कई लोगों को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
35 से अधिक यात्री बस में थे सवार
सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।