Logo
बालोद जिला सत्र न्यायालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कोर्ट खाली कराकर मजिस्ट्रेट और वकीलों को बाहर निकाला।

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, बालोद जिला सत्र न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जैसे ही इस धमकी की सूचना मिली, कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट में मौजूद सभी मजिस्ट्रेट, वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

परिसर की गहन जांच कर रही पुलिस 
सुरक्षा कारणों से सभी को सर्किट हाउस ले जाया गया। वहीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच कर रही है। कोर्ट परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर इलाके को सील कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल, पुलिस की टीम मौके पर तैनात है। 

7