पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की दिशा में बलादा बाजार पुलिस ने सकारात्मक पहल की है। क्यूआर कोड के जरिए अब कोई भी फीडबैक दे सकेगा।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। 'प्रयास अभियान' के तहत जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में क्यूआर कोड जारी कर दिए गए हैं, जिनके माध्यम से अब थाना आने वाले फरियादी, आगंतुक एवं शिकायतकर्ता अपना फीडबैक सीधे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

आज दोपहर 1 बजे पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा क्यूआर कोड का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य थाना/चौकी स्तर पर कार्यक्षमता बढ़ाना, कार्यों में सुधार लाना और कमियों को दूर करते हुए आमजन का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना है।

क्या रहेगा विशेष?

  • जिले के सभी थाना/चौकी और पुलिस कार्यालय में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।
  • आगंतुक अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर फीडबैक फॉर्म भर सकेंगे।
  • थाना अनुभव, पुलिस स्टाफ के व्यवहार, शिकायतों पर की गई कार्रवाई एवं गंभीरता से संबंधित राय दर्ज की जा सकेगी।
  • फीडबैक फॉर्म की सतत मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक की निगरानी में की जाएगी।

आमजनों की सहभागिता जरूरी : एसपी
उद्घाटन अवसर पर एसपी भावना गुप्ता ने कहा कि, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आमजनों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त फीडबैक से पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने में सहायता मिलेगी।

सुधार की दिशा में कदम
फीडबैक फॉर्म में दर्ज सुझावों और अनुभवों के आधार पर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इससे पुलिस के व्यवहार, जवाबदेही और सर्विस क्वालिटी में कमियों की पहचान कर सुधार करना आसान होगा। इस नई व्यवस्था से न केवल पुलिस-जनता के बीच संवाद मजबूत होगा, बल्कि पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में भी मदद मिलेगी।