अंबिकापुर में युवक ने शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर 4 घंटे तक हंगामा किया। युवती की शिकायत पर छेड़छाड़ केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में एक युवक ने अपनी मनपसंद लड़की से शादी की जिद को लेकर ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र के छीरोपारा का है, जहां 27 वर्षीय योगेश यादव अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने साफ तौर पर कहा कि अगर उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा।

पुलिस और परिजनों के समझाने से नीचे उतरा युवक
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और स्थानीय लोग जुट गए। करीब 4 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और परिजनों ने युवक को समझाने की लगातार कोशिश की। आखिरकार परिजनों की सहमति और समझाइश के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया।

युवक की प्रेमिका ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जिस युवती से शादी की जिद की जा रही थी, उसने साफ इनकार करते हुए युवक के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए योगेश यादव को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।