अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर पुलिस लाइन स्थित खेल मैदान को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के नागरिकों और खेल प्रेमियों ने मैदान में प्रस्तावित निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। उनकी प्रमुख मांग है कि बच्चों और युवाओं के लिए उपलब्ध एकमात्र सुरक्षित खेल मैदान को संरक्षित रखा जाए।

वर्षों से खेल गतिविधियों का केंद्र रहा मैदान
शहर के मध्य स्थित पुलिस लाइन खेल मैदान लंबे समय से बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों के लिए अभ्यास एवं खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यह मैदान कई स्थानीय खेल आयोजनों और दैनिक शारीरिक अभ्यास का मुख्य स्थान माना जाता है।

निर्माण कार्य की तैयारी से नाराज नागरिक
पुलिस विभाग द्वारा मैदान में निर्माण कार्य की तैयारी किए जाने की जानकारी मिलते ही शहर के खेल प्रेमियों में नाराजगी बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि, शहर में पहले से ही खुले और सुरक्षित खेल मैदानों की भारी कमी है।

बच्चों के आउटडोर खेल पर संकट
स्थानीय नागरिकों का तर्क है कि यदि यह मैदान भी समाप्त हो गया, तो बच्चों और युवाओं के लिए आउटडोर खेलों का कोई सुरक्षित विकल्प नहीं बचेगा। इससे खेल गतिविधियों पर सीधा असर पड़ेगा और युवा वर्ग खेल संस्कृति से दूर हो जाएगा।

निर्माण रोकने की मांग पर ज्ञापन

ज्ञापन सौंपकर किया विरोध
नागरिकों और खेल प्रेमियों के समूह ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि निर्माण कार्य को किसी अन्य स्थान में स्थानांतरित किया जाए और मैदान को पहले की तरह खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।