संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में शुक्रवार से बहुप्रतीक्षित मैनपाट महोत्सव का भव्य आगाज होने जा रहा है। दो साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहा यह महोत्सव संस्कृति, पर्यटन और मनोरंजन का अनूठा संगम लेकर आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। उद्घाटन समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित कई मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे। यह तीन दिवसीय आयोजन 15 फरवरी तक रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित किया जा रहा है।
अंबिकापुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक मैनपाट महोत्सव का आयोजन। जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। @SurgujaDist #Chhatttisgarh #Mainpat pic.twitter.com/w80T3IqTtq
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 13, 2026
शानदार प्रस्तुतियां दर्शकों को करेंगी आकर्षित
कार्यक्रम में सांस्कृतिक और मनोरंजन की शानदार प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे, वहीं बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर भी मंच पर जलवा बिखेरेंगी।
बड़ी संख्या में पहुंचेंगे पर्यटक और श्रद्धालु
‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट इस दौरान पूरी तरह गुलजार रहेगा। महोत्सव में एडवेंचर स्पोर्ट्स, लोक-संस्कृति, पारंपरिक नृत्य-संगीत और रंग-बिरंगे मेले का आयोजन किया गया है, जिसमें सरगुजा सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे। पर्यटन, संस्कृति और उत्सव का यह संगम न सिर्फ मैनपाट की खूबसूरती को नई पहचान देगा, बल्कि क्षेत्रीय कलाकारों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।










