अंबिकापुर में 14 जंगली हाथियों का दल 3 हिस्सों में बंटकर गांवों के आसपास विचरण कर रहा है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग लगातार कर रहा निगरानी और सतर्कता की अपील।

संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लंबे समय बाद हाथियों की बड़ी आमद ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। 14 जंगली हाथियों का दल अलग-अलग हिस्सों में बंटकर गांवों के आसपास विचरण कर रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। वन विभाग लगातार निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मैनपाट के ग्राम नर्मदापुर समेत आसपास के इलाकों में इन दिनों हाथियों की सक्रियता बढ़ गई है। कुल 14 हाथियों का दल तीन हिस्सों में बंटकर अलग-अलग क्षेत्रों में घूम रहा है।

हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में खौफ
बताया जा रहा है कि, ग्राम नर्मदापुर की दिशा में तीन हाथी पहले से ही विचरण कर रहे हैं, जिनमें से एक हाथी अलग क्षेत्र में है, जबकि दो अन्य हाथी दूसरी दिशा में सक्रिय हैं। इसी बीच 11 हाथियों का एक नया दल भी इलाके में पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। हाथियों का यह बड़ा दल नर्मदापुर, बईगहवा, डांडकेसरा और ललेया से लगे जंगलों में घूम रहा है। बस्तियों के नजदीक हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

वन विभाग ने की ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वहीं, वन विभाग का मैदानी अमला लगातार हाथियों की निगरानी में जुटा हुआ है। विभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और हाथियों के करीब न जाने की हिदायत दी जा रही है। वन कर्मियों के अनुसार फिलहाल हाथियों द्वारा किसी भी प्रकार की जनहानि या फसल नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।