Logo
राजधानी में होली के दिन 65 करोड़ रुपए से अधिक की शराब बिक्री होने का अनुमान आबकारी विभाग के अधिकारियों को है। 

रायपुर। राजधानी में होली के दिन 65 करोड़ रुपए से अधिक की शराब बिक्री होने का अनुमान आबकारी विभाग के अधिकारियों को है। पिछले वर्ष होली में तीन दिन के भीतर पियक्कड़ 60 करोड़ रुपए से ज्यादा की शराब गटक गए थे। त्योहार को देखते हुए आबकारी विभाग ने अभी से तैयारी करते हुए शराब दुकानों में सभी ब्रांड की शराब स्टॉक करना शुरू कर दिया है। दुकानों में शराब की कमी न हो. इसके लिए बताया जा रहा है. आबकारी विभाग ने अतिरिक्त गाड़ियां किराए पर ली है।

अनुमान के मुताबिक, राजधानी में 35 प्रतिशत के करीब लोग होली के दिन शराब पीने के साथ पिलाने का काम करते हैं। होली के दिन ड्राई डे होने की वजह से शराब पीने-पिलाने के शौकीन अभी से शराब स्टॉक करने लगे हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों को इस बार होली में 65 करोड़ रुपए से ज्यादा शराब बिक्री होने  का अनुमान है। जितनी शराब दुकानें हैं, उनके सुपरवाइजर से होली के एक सप्ताह पूर्व ही होली के लिए अनुमानित स्टॉक की जानकारी मंगाकर संबंधित दुकानों में शराब आपूर्ति शनिवार से शुरू कर दी है।

बार संचालकों पर अतिरिक्त शराब लेने दबाव
सूत्रों के मुताबिक, होली के दौरान शराब की बिक्री बढ़ाने बार संचालकों पर भी शराब का अतिरिक्त कोटा उठाने कहा गया। बताया जा रहा है, बार संचालकों को सामान्य दिनों की अपेक्षा 25 प्रतिशत ज्यादा स्टॉक उठाने के लिए कहा गया है। पियक्कड़ों के लिए राहत की बात यह रहेगी कि होली के एक दिन पूर्व शाम 5 बजे तक शराब दुकान बंद कर दी जाती थी। इस बार होली के एक दिन पूर्व अपने निर्धारित समय तक शराब दुकानें खुली रहेंगी।

शराब कोचियों पर आबकारी और पुलिस की निगरानी
बुधवार को ड्राई डे रहेगा, इस बात का शराब कोचिए फायदा उठाने देशी के साथ अंग्रेजी शराब दुकानों से खरीदी कर स्टॉक जुटाने में लगे हैं। ड्राई डे के दिन शराब कोचिए किसी तरह से शराब की अवैध बिक्री नहीं कर पाएं। इसके लिए पुलिस के साथ आबकारी विभाग की टीम मुखबिर की मदद से कोचियों की अभी से धरपकड़ तेज कर दी है।

अंग्रेजी शराब की डिमांड ज्यादा
होली के अवसर पर देशी की जगह अंग्रेजी शराब की डिमांड ज्यादा रहती है। सबसे ज्यादा डिमांड मध्यम दर्जे की शराब की मांग रहती है। होली में शराब की बिक्री प्रभावित न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए सभी शराब दुकानों में मध्यम दर्जे की चर्चित ब्रांड की शराब का स्टॉक किया जा रहा है। इसके अलावा गोवा स्टैंडर्ड की शराब का अतिरिक्त स्टॉक स्टोरेज करने की व्यवस्था की है।


 

5379487