Logo
स्कूल शिक्षा विभाग ने 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा को लेकर स्पष्ट किया है कि, इस साल किसी भी बच्चे को फेल नहीं किया जाएगा।

बिलासपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा को लेकर स्पष्ट किया है कि, इस साल किसी भी बच्चे को फेल नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में असफल होने पर पूरक परीक्षा का अवसर मिलेगा। उसमें भी सफल नहीं होने पर छात्र को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। दरअसल आरटीई लागू होने के बाद कक्षा 1 से 8 तक परीक्षा पर रोक थी। विभिन्न राज्यों से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार ने आरटीई में शिथिलता दी। 5वीं-8वीं की परीक्षा लेने की अनुमति राज्यों को दी। इसके बाद राज्य शासन ने पिछले साल से परीक्षा फिर शुरू की है।

ध्यान रहे कि,  इस साल घोषित समय-सारणी के अनुसार 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से और 8वीं की 17 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा में सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ छत्तीसगढ़ बोर्ड सेकेंडरी ऑफ एजुकेशन से मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल भी शामिल होंगे। पिछले साल अचानक निर्णय और समय पर अधिसूचना जारी नहीं होने के कारण प्राइवेट स्कूल संचालकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। तब कोर्ट ने परीक्षा में शामिल होने का निर्णय स्कूलों पर छोड़ दिया था। नतीजतन केवल 15% प्राइवेट स्कूलों के छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इस बार सभी मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

5वीं और 8वीं की होगी केंद्रीकृत परीक्षा

  1. प्राइवेट स्कूल के बच्चे भी हो सकते हैं परीक्षा में शामिल। 
  2. आरटीई लागू होने के बाद कक्षा 1 से 8 तक परीक्षा पर रोक थी। 
  3. माह तक सुरक्षित रहेंगी उत्तरपुस्तिकाएं

जारी गाइडलाइन के अनुसार, मूल्यांकन के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को सीलबंद पैकेट में विकासखंड स्तर पर 3 महीने तक सुरक्षित रखना होगा। इसकी जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी की होगी। मूल्यांकन केंद्र संकुल विद्यालयों में बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि परीक्षा का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन करना है, न कि उन्हें असफल घोषित करना।

विभाग ने तय किए परीक्षा से जुड़े मानदेय और शुल्क
इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने परीक्षा से जुड़े मानदेय और शुल्क भी तय किए हैं। 5वीं की परीक्षा के लिए प्रति छात्र 55 रुपए और 8वीं के लिए 60 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है, जो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा होगा। 5वीं की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए 2 रुपए और 8वीं के लिए 3 रुपए प्रति कॉपी दिए जाएंगे। मुख्य मूल्यांकनकर्ता को 100 रुपए प्रतिदिन और केंद्राध्यक्ष को 150 रुपए प्रतिदिन मानदेय मिलेगा।

5379487