हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है।

रायपुर। हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत बिलासपुर-चांपा सेक्शन के बीच अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी का काम होना है।

रेलवे प्रशासन ने पूर्व निर्धारित कार्य को री-शेड्यूल किया है। अब अकलतरा स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का यह महत्वपूर्ण कार्य 11 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। यह कार्य भविष्य में यात्री सुविधाओं में विस्तार और ट्रेनों की लेटलतीफी कम करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। 

लोकल ट्रेनों का परिचालन सीधे तौर पर रहेगा प्रभावित
हालांकि, ब्लॉक के दौरान निर्माण कार्य के चलते इस रूट की कई यात्री और लोकल ट्रेनों का परिचालन सीधे तौर पर प्रभावित रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा और कार्य को समय पर पूरा करने के लिए रेलवे ने रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड के बीच चलने वाली कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

ये गड़ियां रहेंगी रद्द

  • बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68738/68737): 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक बिलासपुर और रायगढ़ दोनों छोर से रद्द रहेगी।
  • बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68736): 11 से 18 अप्रैल तक बिलासपुर से रद्द रहेगी।
  • रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68735): 12 से 19 अप्रैल तक रायगढ़ से रद्द रहेगी।
  • रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746): 11 से 18 अप्रैल तक रायपुर से रद्द रहेगी।
  • गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68745): 12 से 19 अप्रैल तक गेवरा रोड से रद्द रहेगी।
  • रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204): 11 से 18 अप्रैल तक रायपुर से रद्द रहेगी।
  • कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203): 12 से 19 अप्रैल तक कोरबा से रद्द रहेगी।
  • बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68734/68733): 11 से 18 अप्रैल तक दोनों छोर से रद्द रहेगी।
  • बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68732/68731): 11 से 18 अप्रैल तक दोनों छोर से रद्द रहेगी।
  • बिलासपुर-गेवरा रोड पैसेंजर (58210): 11 से 18 अप्रैल तक बिलासपुर से रद्द रहेगी।

रायपुर-जबलपुर के बीच सफर होगा आसान
जबलपुर-रायपुर-जबलपुर रूट पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने 11702/11701 मूक माटी एक्सप्रेस में स्थायी रूप से दो अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस बदलाव के बाद ट्रेन में कोच की संख्या 16 से बढ़कर 18 हो जाएगी। जानकारी के अनुसार, मूक माटी एक्सप्रेस के कोच की संरचना में यह वृद्धि और बदलाव दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण 13 अप्रैल 2026 से लागू होगा। ट्रेन में 13 अप्रैल से कोच की कुल संख्या 18 हो जाएगी। इस दौरान ट्रेन में 1 वातानुकूलित चेयर कार, 1 द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित, 1 तृतीय श्रेणी वातानुकूलित, 1 द्वितीय श्रेणी शयनयान, 4 द्वितीय श्रेणी आरक्षित सीट, 8 सामान्य/अनारक्षित कोच, 1 दिव्यांग अनुकूल सह गार्ड और 1 जनरेटर कार शामिल होंगे।

दूसरा चरण 14 मई 2026 से लागू
इस चरण में कोच की कुल संख्या 18 ही बनी रहेगी, लेकिन उनके श्रेणी संयोजन में आंशिक संशोधन किया जाएगा। इसके तहत थर्ड एसी का एक कोच बढ़ाया जाएगा और सामान्य/अनारक्षित कोच की संख्या एक कम की जाएगी। 14 मई से ट्रेन में 1 वातानुकूलित चेयर कार, 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 1 शयनयान, 4 द्वितीय श्रेणी आरक्षित सीट, 7 सामान्य/अनारक्षित कोच, 1 दिव्यांग अनुकूल सह  गार्ड और 1 जनरेटर कार होंगे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)