भाजपा की सदस्यता परीक्षा में 41 विधायक पास : 11 फेल, दो के खाते में सात-आठ सौ सदस्य

bjp
X
प्रदेश के 53 विधायकों में भाजपा की सदस्यता परीक्षा में 41 विधायकों ने पास कर लिया है, लेकिन 11 विधायक परीक्षा में फेल हो गए हैं। 

रायपुर। प्रदेश भाजपा के सदस्यता अभियान के लिए राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर सांसदों के साथ विधायकों के लिए भी लक्ष्य तय किया गया है। विधायकों को दस-दस हजार सदस्य बनाने हैं। प्रदेश के 53 विधायकों में भाजपा की सदस्यता परीक्षा को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सभी मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ ही 41 विधायकों ने पास कर लिया है, लेकिन 11 विधायक परीक्षा में फेल हो गए हैं।

राजधानी के दिग्गज विधायक राजेश मूणत के खाते में जहां महज 703 सदस्य हैं, वहीं दंतेवाड़ा के विधायक चैतराम अटामी के खाते में सिर्फ 832 सदस्य हैं। इधर कई विधायकों ने कमाल भी किया है। वैशाली नगर भिलाई के विधायक रिकेश सेन ने 33 हजार से ज्यादा सदस्य बना दिए हैं। ज्यादा सदस्य बनाने वाले टॉप पांच में दो मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और लखनलाल देवांगन का भी नाम है। प्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान दो सितंबर से चल रहा है। इसमें प्रदेश संगठन को 60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य राष्ट्रीय संगठन ने दिया है। इसमें से 54 लाख सदस्य बन गए हैं। अभियान के लिए सांसदों को 20-20 हजार औकर विधायकों को दस-दस हजार का लक्ष्य दिया गया है। इसी के साथ प्रदेश संगठन ने पदाधिकारियों का भी लक्ष्य तय है।

इसे भी पढ़ें... बस्तर विकास प्राधिकरण बैठक : सीएम साय करेंगे अध्यक्षता, क्षेत्रीय विकास के लिए बनेगी योजनाएं

मुख्यमंत्री-मंत्री लक्ष्य के पार

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सभी साथियों ने भी अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है। सबसे पहले दयालदास बघेल ने दस हजार का लक्ष्य पार किया था। उनके खाते में इस समय 12 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। इसके बाद लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना टार्गेट हासिल किया। इस समय उनके खाते में 20 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा के साथ ही प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, लखन लाल देवांगन और रामविचार नेताम भी सदस्य बनाने के लक्ष्य के पार हो गए हैं।

ये विधायक भी लक्ष्य के पार

प्रदेश में भाजपा के 53 विधायक हैं। सबसे पहले दस हजार का आंकड़ा पार करने वाले पहले विधायक कुरूद के अजय चंद्राकर रहे हैं। सबसे ज्यादा सदस्य बनाने के मामले में भिलाई वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने बाजी मार ली है। उनके खाते में 33 हजार से ज्यादा सदस्य हो गए हैं। इसी के साथ भावना बोहरा के खाते में 20 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। अन्य विधायकों में रोहित साहू, नीलकंठ टेकाम, गजेंद यादव, इंद्र कुमार साहू, शकुंतला पोर्ते, अनुज शर्मा, धरमलाल कौशिक, लता उसेंडी, गोमती साय, रेणुका सिंह, पुन्नूलाल मोहले, प्रेमचंद पटेल, राजेश अग्रवाल, ललित चंद्राकर, आसाराम नेताम, अमर अग्रवाल, उद्देशवरी पैकरा, दीपेश साहू, संपत अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, योगेश्वर राजू सिंहा, किरण देव सिंह, प्रणव कुमार, रायमुनी भगत, धरमजीत सिंह, मैयालाल राजवाड़े, पुरंदर मिश्रा ने भी दस हजार का लक्ष्य पार कर लिया है।

सबसे ज्यादा सदस्य बनाने वाले टॉप पांच

रिकेश सेन 33856
भावना बोहरा 21116
लक्ष्मी राजवाड़े 20278
रोहित साहू 14609
लखन लाल देवांगन 14412

ये विधायक लक्ष्य से रहे दूर

राजेश मूणत 703
चैतराम अटामी 832
विक्रम उसेंडी 1034
डोमनलाल कोर सेवाड़ा 5187
सुशांत शुक्ला 6320
मोतीलाल साहू 6906
भूलन सिंह मरावी 5504
रामकुमार टोटो 1827
ईश्वर साहू 4752
प्रबोध मिंज 7488
विनायक गोयल 4926

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story