Logo
लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन आज बिहार के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर CM नीतीश समेत कई दिग्गज नेता मौजूद होंगे।

Syed Ata Hasnain Bihar Governor: बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन आज यानी शनिवार, 14 मार्च को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। राजभवन परिसर (बिहार लोक भवन के पीछे) निर्मित भव्य पंडाल में पूर्वाह्न 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। वे बिहार के संवैधानिक प्रमुख के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दिलाएंगे शपथ
औपचारिक प्रोटोकॉल के तहत, पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू नए राज्यपाल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बिहार की सत्ता और प्रशासनिक गलियारे के तमाम बड़े चेहरे मौजूद रहेंगे।

समारोह में सीएम नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह जैसे प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, हाईकोर्ट के न्यायाधीश और वरिष्ठ प्रशासनिक व सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

कौन हैं सैयद अता हसनैन?
बिहार के नए राज्यपाल के पास रणनीतिक और सुरक्षा मामलों का दशकों लंबा अनुभव है। उनके सैन्य करियर की बात करें तो उन्होंने करीब करीब 40 वर्षों तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने के साथ कई महत्वपूर्ण कमान संभाली हैं। इसके अलावा, हसनैन कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाकों में सेना की भी कमान संभाल चुके हैं, जहां उन्होंने सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक संवाद (People-to-People connect) पर काफी काम किया।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी सैयद अता हसनैन सुरक्षा विश्लेषक के रूप में सक्रिय रहे हैं। उनका प्रशासनिक अनुभव बिहार के विकास और शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

राजभवन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए राजभवन और उसके आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नए राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। राज्य के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एक पूर्व सैन्य अधिकारी की नियुक्ति से प्रदेश के प्रशासनिक अनुशासन में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

5379487