पटना में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। बाढ़ और दानापुर में रेस्टोरेंट संचालकों और कालाबाजारी करने वालों पर FIR दर्ज की गई है।

LPG Crisis Patna: राजधानी पटना में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल और इनकी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार, 13 मार्च को हुई बड़ी कार्रवाई में बाढ़ अनुमंडल के तीन रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। इसके साथ ही दानापुर अनुमंडल में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे एक व्यक्ति को भी नामजद किया गया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का गलत इस्तेमाल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हेल्पलाइन नंबर पर मिल रही शिकायतों पर तुरंत एक्शन
डीएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने गैस कंपनियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ब्लैक मार्केटिंग, होर्डिंग या निर्धारित दाम से अधिक पर गैस बेचने की शिकायत मिलते ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। निगरानी को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने ब्लॉक स्तर पर 28 धावादल (फ्लाइंग स्क्वायड) गठित किए हैं। गैस एजेंसियों को विभिन्न सेक्टर और जोनल क्षेत्रों में बांटकर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।

गैस की कमी नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें उपभोक्ता
प्रशासनिक जांच के दौरान डीएम ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इंडेन गैस एजेंसी 'एसके ट्रेडिंग' का औचक निरीक्षण किया। वहां गैस की बुकिंग, स्टॉक और आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक पाई गई। डीएम ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर पैनिक बुकिंग न करें और सुचारू आपूर्ति में प्रशासन का सहयोग करें।

अफवाहों पर लगाम और ऑन-स्पॉट जांच
पटना सदर के राजीव नगर क्षेत्र में 'मेसर्स उत्सव गैस सेवा' के बंद होने की अफवाह हेल्पलाइन नंबर के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही डीएम ने जांच टीम मौके पर भेजी, जहाँ पाया गया कि केंद्र सुचारू रूप से चल रहा था और उपभोक्ताओं को गैस मिल रही थी। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि वे कहीं भी घरेलू गैस का कमर्शियल उपयोग या कालाबाजारी देखें, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।