Patna News: पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई 20 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बेगूसराय से मुख्य आरोपी सैफ खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई राशि में से 2 लाख 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, साथ ही वारदात के समय इस्तेमाल की गई बाइक को भी उसके घर से जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार सैफ खान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हत्या, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी वारदात सोमवार दोपहर की है, जब रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी पंकज कुमार बोरिंग रोड स्थित बैंक में 20 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह अल्पना मार्केट वाली गली के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पंकज की कनपटी पर कट्टा सटा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने पूरी योजना के तहत रेकी की थी और वारदात को अंजाम देते समय सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों और ठेला चलाने वालों से गहन पूछताछ की और अपराधियों के भागने के रूट पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी डिजिटल साक्ष्य के आधार पर पुलिस सैफ खान तक पहुंचने में कामयाब रही।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह के तीन अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरी लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी।