Logo
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का विधायक पद से इस्तीफा फिलहाल टल गया है। राज्यसभा चुने जाने के बाद उन्हें 30 मार्च तक इस्तीफा देना है। जानें क्यों वह अचानक असम रवाना हुए और नीतीश कुमार के इस्तीफे पर क्या है अपडेट।

Nitin Nabin Resignation: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का विधायक पद से इस्तीफा रविवार, 29 मार्च को टल गया। चर्चा थी कि राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद वह रविवार को अपना पद छोड़ देंगे, लेकिन वह अचानक असम के लिए रवाना हो गए। संवैधानिक नियमों के मुताबिक, उनके पास इस्तीफा देने के लिए 30 मार्च तक का ही समय है। ऐसे में अब सबकी निगाहें कल की तारीख पर टिकी हैं।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने क्या कहा?
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस पूरे मामले पर स्थिति साफ की है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में थे और इस्तीफे की जानकारी मिलते ही वापस पटना लौट आए थे। हालांकि, किसी इमरजेंसी काम की वजह से नितिन नबीन को असम जाना पड़ा। प्रेम कुमार ने स्पष्ट किया कि इस्तीफे के लिए फिजिकल उपस्थिति अनिवार्य है, क्योंकि वर्चुअल इस्तीफे का फिलहाल कोई कानूनी प्रावधान नहीं है।

बांकीपुर सीट से 5 बार विधायक रहे हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार 5 बार चुनाव जीत चुके हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और अब राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद उन्हें अपनी विधानसभा सदस्यता छोड़नी होगी। उनके इस्तीफे के बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है, जो बिहार की राजनीति के लिए काफी दिलचस्प होगा।

नीतीश कुमार भी छोड़ेंगे विधान पार्षद का पद
सिर्फ नितिन नबीन ही नहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी अपने विधान पार्षद (MLC) पद से इस्तीफा देना होगा। नीतीश कुमार भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। नियमों के तहत एक व्यक्ति दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता। अब चर्चा इस बात की है कि क्या 30 मार्च को नीतीश कुमार और नितिन नबीन दोनों एक साथ इस्तीफा देंगे?

बिहार के अगले सीएम पर टिकी सबकी नजरें
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की खबरों ने बिहार के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सवाल उठ रहे हैं कि उनके राज्यसभा जाने के बाद बिहार की कमान किसके हाथों में होगी? क्या बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा या सत्ता का समीकरण कुछ और होगा? इन तमाम सवालों के जवाब 30 मार्च की डेडलाइन खत्म होने तक मिल सकते हैं।

7