Muzaffarpur Farmer Death: मुजफ्फरपुर के गायघाट में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प में किसान जगतवीर राय की मौत। थानेदार पर गोली मारने का आरोप, एसआईटी गठित।

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित चोरनियां गांव में मंगलवार देर रात भारी बवाल हो गया। पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में 55 वर्षीय किसान जगतवीर राय की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

SSP ने थानेदार को किया लाइन हाजिर
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गायघाट के थानेदार राजा सिंह ने खुद तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली बचाव करने आए जगतवीर के सीने में जा लगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से थानेदार राजा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और मजिस्ट्रेट जांच की भी अनुशंसा की गई है।

क्या है पूरा मामला?
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 12 बजे पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट के आरोपी भिखारी राय को पकड़ने आई थी, लेकिन गलती से अजय राय के घर में घुस गई। जब अजय को ले जाने का विरोध हुआ, तो झड़प शुरू हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने हवाई फायरिंग के बाद सीधे लोगों पर गोलियां चलाईं। वहीं, पुलिस का कहना है कि भीड़ ने टीम को घेरकर हमला और पथराव किया था, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

फॉरेंसिक जांच से होगा सच का फैसला
किसान की मौत पुलिस की गोली से हुई या किसी और की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस के हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि मृतक के शरीर से बरामद गोली और पुलिस के हथियारों का मिलान किया जाएगा। डीजीपी के अनुसार, पुलिस की हवाई फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी गोली चलने की आवाज सुनी गई थी।

गांव में भारी तनाव, SIT कर रही जांच
बुधवार सुबह से ही ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। एसआईटी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या पुलिस ने मानक प्रक्रियाओं का पालन किया था और रात के अंधेरे में चली गोली किसकी बंदूक से निकली थी।