Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की देर रात खौफनाक वारदात हुई। डीपीएस सरमस्तपुर में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा की उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, आरोपी देर रात छात्रा के घर में घुसा और उसे गोली मार दी।
घटना के समय छात्रा का पूरा परिवार गहरी नींद में था, जिसके कारण उन्हें गोली की आवाज तक सुनाई नहीं दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे सकरा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस की गश्ती टीम ने आरोपी को दबोचा?
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी खुद पिस्तौल लेकर थाने पहुंचा था, लेकिन पुलिस का दावा कुछ और है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा की हत्या कर भाग रहे युवक को गश्ती पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल और एक खोखा बरामद किया है। जब पुलिस की टीम जांच के लिए छात्रा के घर पहुंची और परिजनों को जगाकर घटना की जानकारी दी, तब कोहराम मच गया। घर की सीढ़ियों पर छात्रा का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है।
तमिलनाडु से भगाई गई किशोरी बरामद
मुजफ्फरपुर के ही गोरौल थाना क्षेत्र से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तमिलनाडु पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को गोढिया चौक से बरामद किया है।
आरोप है कि मुजफ्फरपुर के कुढ़नी निवासी आयुष नामक युवक ने लड़की को बहला-फुसलाकर तमिलनाडु से भगाया और एक मंदिर में शादी कर ली। दोनों के परिवार तमिलनाडु के वीरना ब्रीज थाना क्षेत्र में मजदूरी करते थे, जहाँ इनके बीच नजदीकी बढ़ी थी।
मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस
लड़की के परिजनों ने तमिलनाडु में मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस फोन लोकेशन के आधार पर मुजफ्फरपुर पहुंची। 11 फरवरी से ही पुलिस टीम लड़की की तलाश कर रही थी, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाना बदल रहा था।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी के ननिहाल से लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। थाने पर आरोपी के परिजनों ने लड़की को जबरन ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की को तमिलनाडु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।