Jehanabad Train Accident News: पटना-गया रेलखंड पर शनिवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना जहानाबाद कोर्ट हाल्ट के समीप हुई, जहां एक व्यक्ति सांप से बचने की कोशिश में ट्रेन की चपेट में आ गया। वहीं दूसरी घटना मखदुमपुर स्टेशन के पास हुई, जिसमें एक अज्ञात युवक की जान चली गई।
सांप से बचने के चक्कर में हुआ हादसा
कोर्ट स्टेशन के समीप हुई घटना में मृतक की पहचान 50 वर्षीय दिलीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वे गया जिले के सहबाजपुर गांव के रहने वाले थे और फिलहाल जहानाबाद के शांति निवास में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक, दिलीप कुमार कोर्ट स्टेशन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे। शनिवार सुबह निर्माण कार्य के लिए खुदाई के दौरान वहां अचानक एक सांप निकल आया।
सांप को देख दिलीप घबराकर रेल पटरी की तरफ भागे। चश्मदीदों के अनुसार, उस समय वे मोबाइल पर किसी से बात भी कर रहे थे, जिसके कारण उनका ध्यान आने वाली ट्रेन की तरफ नहीं गया। तभी तेज रफ्तार मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनका एक हाथ शरीर से अलग हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मखदुमपुर में अज्ञात युवक की मौत
रेल हादसे की दूसरी खबर मखदुमपुर रेलवे स्टेशन से आई, जहां करीब 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। युवक ने आसमानी रंग की शर्ट और नीली पैंट पहनी हुई थी। जीआरपी प्रभारी दीपनारायण यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त के लिए शव को अगले 72 घंटों तक पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए युवक की पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
दिलीप कुमार शर्मा की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव सहबाजपुर और जहानाबाद स्थित निवास में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर पुलिस और जीआरपी दोनों मामलों की बारीकी से छानबीन कर रही है।