बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तीन और अंचलाधिकारियों (CO) को सस्पेंड कर दिया है। इन पर सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा में अड़ंगा लगाने और ड्यूटी से गायब रहने का आरोप है।

Vijay Sinha Action on CO: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अंचल अधिकारियों (CO) के खिलाफ अपना सख्त रुख जारी रखा है। शनिवार को विभाग ने अनुशासनहीनता और सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन और अंचलाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' में व्यवधान पैदा किया था, जिसे सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है।

इन तीन अधिकारियों पर गिरी गाज
निलंबित होने वाले अधिकारियों में बक्सर सदर के सीओ राहुल कुमार, भागलपुर जिले के शाहकुंड की सीओ हर्षा कोमल और सीतामढ़ी जिले के डुमरा की सीओ डौली कुमारी शामिल हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों पर मुख्यमंत्री की यात्रा में अड़ंगा लगाने के साथ-साथ विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने के गंभीर आरोप हैं। इससे पहले भी हड़ताल पर गए तीन अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है।

डिप्टी सीएम के कार्यक्रम से गायब रहने का आरोप
विभागीय सूत्रों के अनुसार, ये तीनों अधिकारी न केवल सीएम की यात्रा के दौरान अनुपस्थित थे, बल्कि डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के 'भूमि सुधार जन कल्याण संवाद' कार्यक्रम से भी नदारद रहे। विभाग ने इसे विभागीय मंत्री के विशेष कार्यक्रम का अनादर और सरकारी कार्य में अवरोध माना है। साथ ही, इन पर मार्च 2026 में महालेखाकार को जरूरी उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध न कराने और राजस्व संग्रहण के लक्ष्य को पूरा न करने का भी आरोप है।

कोर्ट के आदेश की अवहेलना भी पड़ी भारी
निलंबन की एक बड़ी वजह कोर्ट के आदेशों की अनदेखी करना भी बताया जा रहा है। इन अंचलाधिकारियों पर आरोप है कि इन्होंने अतिक्रमण हटाने से संबंधित अदालती आदेशों का अनुपालन नहीं किया, जिससे राज्य के वित्तीय और कानूनी प्रबंधन में बाधा उत्पन्न हुई। विभाग ने साफ किया है कि सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

हड़ताली अधिकारियों को विजय सिन्हा की कड़ी चेतावनी
बिहार में अंचल और राजस्व अधिकारी पिछले एक महीने से हड़ताल पर हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उन्हें शुक्रवार शाम तक काम पर लौटने की आखिरी मोहलत दी थी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि जो अधिकारी काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ 'सर्विस ब्रेक' जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें प्रमोशन के लाभ से भी वंचित कर दिया जाएगा।

अब तक 6 अधिकारी हो चुके हैं सस्पेंड
हड़ताल और लापरवाही के मामले में अब तक कुल छह अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। पिछले महीने पटना सदर के सीओ रजनीकांत, घोड़ासहन के सीओ आनंद कुमार और अररिया के जितेंद्र पांडे को सस्पेंड किया गया था। सरकार की इस सख्ती के बाद कुछ अधिकारी काम पर लौट आए हैं, लेकिन अब भी एक बड़ा गुट हड़ताल पर डटा हुआ है, जिससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।