Bhojpur Murder News: बिहार के भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सोहरा गांव में शुक्रवार की रात एक 22 वर्षीय युवा किसान, चंद्रशेखर कुमार की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया कि गोली चंद्रशेखर की एक कनपटी से घुसकर दूसरी तरफ से पार हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पलानी में सो रहा था किसान
मृतक चंद्रशेखर के परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बनी अपनी 'पलानी' (दलान) में सोने गया था। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते, चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक अपने पिता प्रभुनाथ प्रसाद की खेती-बाड़ी में हाथ बंटाया करता था।
क्या सुलह कराना बन गया मौत की वजह?
मृतक के भाई के अनुसार, चंद्रशेखर की किसी से कोई निजी रंजिश नहीं थी। हालांकि, दो दिन पहले गांव के खेल के मैदान में बच्चों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें चंद्रशेखर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद की खुन्नस निकालने के लिए अपराधियों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
3 संदिग्ध हिरासत में
सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात समेत कुल तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
परिवार में मातम, गांव में सन्नाटा
चंद्रशेखर अपने चार भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी मौत के बाद मां श्रीमातो देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।