बिहार के बांका में अपराधियों ने कैलाश यादव और उनकी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आशंका है कि 16 कट्ठा कीमती जमीन के विवाद में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। FSL और डॉग स्क्वायड जांच में जुटी।

Banka Crime News: बिहार के बांका जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बांका थाना क्षेत्र के प्रभावती नगर (बसंतपुर गांव) में गुरुवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय कैलाश यादव और उनकी 65 वर्षीय पत्नी समरी देवी के रूप में हुई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

गोहाल में सोते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, कैलाश यादव और उनकी पत्नी गांव में ही एक छोटे से मुर्गी फार्म के पास बनी झोपड़ी (गोहाल) में सो रहे थे। तभी देर रात 4 से 5 अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। अपराधियों ने इतनी बेरहमी से गला रेता कि दंपति को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने दोनों के शव देखे, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

16 कट्ठा कीमती जमीन बनी हत्या की वजह?
मृतक कैलाश यादव गांव में मुर्गी पालन कर जीवन यापन करते थे और उनकी छवि एक बेहद शांत व्यक्ति की थी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों की चर्चा के अनुसार, इस हत्या के पीछे जमीन विवाद की प्रबल आशंका है।

मृतक समरी देवी के नाम पर कटोरिया के बहादिया गांव में सड़क किनारे करीब 16 कट्ठा कीमती जमीन थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में दंपति ने इस कीमती भूखंड में से 2 कट्ठा जमीन बेची थी। इसी जमीन पर भू-माफियाओं और कुछ दबंगों की नजर थी। आशंका है कि जमीन के लालच में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

FSL और डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास और बांका थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से FSL टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और संदिग्धों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

परिवार में कोहराम
मृतक का एक पुत्र शिबू यादव है, जो राजमिस्त्री का काम करता है। इसके अलावा उनकी चार विवाहित पुत्रियां हैं। माता-पिता की इस तरह हुई मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ग्रामीणों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग
शांत माने जाने वाले बसंतपुर गांव में इस भीषण हत्याकांड ने लोगों को डरा दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि जमीन विवाद से जुड़े संदिग्धों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई और खुलासे होने की उम्मीद है।