Logo
IND vs ENG Test : इंग्लैंड की टीम को रांची टेस्ट शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। टीम का अहम स्पिनर अचानक घर लौट गया है।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच रांची में शुक्रवार से चौथा टेस्ट शुरू हुआ है। इस बीच, इंग्लैंड के लिए बुरी खबर आई है। युवा लेग स्पिनर रेहान अहमद को पारिवारिक वजहों से भारत दौरा बीच में ही छोड़कर इंग्लैंड लौटना पड़ रहा है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी कर ये जानकारी दी। रेहान अब वापस टेस्ट सीरीज के लिए भारत नहीं आएंगे और न ही इंग्लैंड उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगा। 

19 वर्षीय रेहान ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले तीन मैच में हिस्सा लिया था। उन्होंने 44 की औसत से 11 विकेट लिए, जिसमें विशाखापत्तनम में 153 रन देकर 6 विकेट भी शामिल हैं। हालांकि, उन्हें रांची टेस्ट के लिए चुनी गई इंग्लैंड की प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। यह समझा जाता है कि रेहान को टीम से बाहर करने का बेन स्टोक्स का निर्णय रेहान के घर लौटने से संबंधित नहीं था, जो टीम की घोषणा के बाद गुरुवार दोपहर को सामने आया।

रेहान इंग्लैंड के अंतिम प्रशिक्षण सत्र में मौजूद थे। वह चौथे टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को घर के लिए उड़ान भरेंगे। इस महीने की शुरुआत में, रेहान अहमद को वीजा दिक्कतों के कारण भारत आने में परेशानी हुई थी। वो मैच से फौरन पहले ही टीम से जुड़े थे। इसके बाद भी उन्हें राजकोट टेस्ट में मौका दिया गया था। रेहान ने इस टेस्ट में 3 विकेट लिए थे और इंग्लैंड ये मुकाबला 434 रन से हार गया था। ये भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी टेस्ट जीत थी। 

रांची टेस्ट में रेहान अहमद के स्थान पर शोएब बशीर खेल रहे हैं। शोएब के अलावा इंग्लैंड ने बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हर्टले को भी प्लेइंग-11 में जगह दी है। हर्टले इस सीरीज में इंग्लैंड की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 16 शिकार किए हैं। 

5379487