Logo
WPL 2024: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन का आज, शुक्रवार से आगाज हो रहा है। पहले मैच में मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इस सीजन स्मृति मंधाना, ताहलिया मैकग्राथ, मेग लैनिंग और हेली मैथ्यूज से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

WPL 2024: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन का आज, शुक्रवार से आगाज हो रहा है। पहले मैच में मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग में 5 टीमों के बीच कुल 22 मुकाबले खेले जाने हैं। WPL 2024 का फाइनल मैच 17 मार्च को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए 5 ऐसे खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं जो WPL के दूसरे सीजन में उम्दा प्रदर्शन कर सकते हैं। 

स्मृति मंधाना (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) 
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान स्मृति मंधाना का पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में वह इस सीजन छाप छोड़ना चाहेंगी। पिछले सीजन उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में 18.62 की औसत और 111.19 की स्ट्राइक रेट से 149 रन बनाए थे। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 37 रन था। 

ताहलिया मैकग्राथ (यूपी वारियर्स) 
WPL 2023 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ताहलिया मैकग्राथ ने यूपी वारियर्स के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 9 मैच की 8 पारियों में 50.33 की औसत और 158.11 की स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए थे। इस दौरान ताहलिया ने 4 अर्धशतक लगाए थे। पिछले सीजन उनका सर्वाधिक स्कोर 90* रन था। वह WPL के पहले सीजन में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थीं। 

मेग लैनिंग (दिल्ली कैपिटल्स) 
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग WPL 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं। उन्होंने 9 मैच की 9 पारियों में 2 अर्धशतक की बदौलत 345 रन बनाए थे। इस दौरान उनकी औसत 49.28 की और स्ट्राइक रेट 139.11 की रही थी। पिछले सीजन उन्होंने सबसे ज्यादा 50 चौके लगाए थे। उनकी टीम फाइनल में पहुंची थी, जहां मुंबई के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

हेली मैथ्यूज (मुंबई इंडियंस) 
WPL 2023 में वेस्टइंडीज की खिलाड़ी हेली मैथ्यूज ने गेंद और बल्ले से अहम योगदान दिया था। उन्होंने लीग के पिछले सीजन 10 मैच में 16 शिकार किए थे। वह डेब्यू सीजन में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। इसके अलावा मुंबई इंडियंस की इस खिलाड़ी ने 10 मुकाबलों में 1 अर्धशतक की मदद से 271 रन भी बनाए थे। 

सोफी एक्लेस्टोन (यूपी वॉरियर्स) 
यूपी वॉरियर्स की स्टार खिलाड़ी सोफी एक्लेस्टोन पिछले सीजन के अपने शानदार प्रदर्शन को WPL 2023 में भी दोहराना चाहेंगी। एक्लेस्टोन ने पिछले सीजन को 9 मैचों में 14.68 की औसत से 16 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान वह काफी किफायती भी रही थीं। उनकी इकॉनमी मात्र 6.61 की रही थी। इस इंग्लिश गेंदबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 109 विकेट लिए हैं।

ये भी पढ़ें: WPL 2024: शुक्रवार से बेंगलुरु में होगा आगाज, ओपनिंग सेरेमनी में शाहरुख-शाहिद समेत कई सितारे आएंगे नजर; जानिए लीग से जुड़ी A To Z जानकारी

5379487