Logo
WPL 2024, GGW vs DCW, GG vs DC: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 10वें मुकाबले में रविवार को गुजरात जायंट्स (GGW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रन से हराया।

WPL 2024, GGW vs DCW, GG vs DC: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 10वें मुकाबले में रविवार को गुजरात जायंट्स (GGW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान मेग लैनिंग (55) के अर्धशतक की बदौलत 8 विकेट खोकर 163 रन बनाए।

जवाब में गुजरात जायंट्स 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी। शानदार गेंदबाजी के लिए जेस जोनासेन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह दिल्ली की लगातार तीसरी जीत और गुजरात जायंट्स की लगातार चौथी हार है। गुजरात ने इस सीजन अब तक कोई मैच नहीं जीता है। इस जीत के साथ ही दिल्ली अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई है।

गुजरात जायंट्स की खराब शुरुआत
164 रनों के लक्ष्य पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। 0 के स्कोर पर शिखा पांडे ने लौरा वोल्वार्ड्ट को बोल्ड किया। 28 के स्कोर पर जेस जोनासेन ने गुजरात की कप्तान बेथ मूनी को LBW आउट किया। मूनी ने 14 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 12 रन बनाए। इसी ओवर (4) की 5वीं गेंद पर जेस जोनसेन ने फोएबे लिचफील्ड को एनाबेल सदरलैंड के हाथों कैच आउट कराया। फोएब ने 150 की स्ट्राइक रेट से 10 गेंदों पर 15 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का भी जड़ा। 

एशले गार्डनर ने बनाए 40 रन
तीन विकेट जल्दी खोने के बाद एशले गार्डनर और वेदा कृष्णमूर्ति ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाई और चौथे विकेट के लिए सिर्फ 19 रन ही जोड़ सकीं। 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुजरात जायंट्स का चौथा विकेट गिरा। वेदा कृष्णमूर्ति ने 13 गेंदों पर 12 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 चौके निकले। 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर राधा यादव ने कैथरीन ब्राइस को LBW आउट किया। ब्राइस ने 6 गेंदों का सामना किया और बस 3 रन बनाए। 105 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहीं एशले गार्डनर स्टपिंग आउट हुईं। उन्होंने 31 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा।

जेस-राधा को 3-3 सफलताएं मिलीं
स्ट्रैटेजिक टाइम आउट के बाद गुजरात को 7वां झटका लगा। 17वें ओवर की पहली गेंद पर राधा यादव ने तनुजा कंवर का शिकार किया। तनुजा ने 16 गेंदों का सामना किया और 1 चौके की मदद से 13 रन बनाए। 18वें ओवर में तरन्नुम पठान को अरुंधति रेड्डी ने LBW आउट किया। पठान ने 11 गेंदों पर 9 रन बनाए। मेघना सिंह 10 और सयाली सतघरे 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जेस जोनासेन और राधा यादव ने 3-3 विकेट झटके। उनके अलावा शिखा पांडे और अरुंधति रेड्डी ने 1-1 शिकार किए।

दिल्ली कैपिटल्स ने बनाए 163 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत औसत रही। 20 के स्कोर पर DCW का पहला विकेट गिरा। मेघना सिंह ने शेफाली वर्मा को पवेलियन भेजा। शेफाली ने 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 9 गेंदों पर 13 रन बनाए। 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर मेघना सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दिया। एलिस कैप्सी ने 5 चौकों की मदद से 17 गेंदों पर 27 रन बनाए। इसके बाद मेग लैनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। 105 के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स (DCW) का तीसरा विकेट गिरा। कप्तान मेग लैंनिंग ने 41 गेंदों पर 55 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। 

मेघना सिंह को 4 सफलताएं मिलीं
इसके बाद तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी 1-1 कर पवेलियन लौट गए। 14वें ओवर की पहली गेंद जेमिमा रोड्रिग्स (7) अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद जेस जोनासेन ने 11, एनाबेल सदरलैंड ने 20, अरुंधति रेड्डी ने 5 और राधा यादव ने 5 रन बनाए। गुजरात जायंट्स की ओर से मेघना सिंह को 4 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा एशले गार्डनर ने 2 और तनुजा कंवर-मन्नत कश्यप ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। 

ये भी पढ़ें: WPL 2024, UPW vs RCBW: यूपी वॉरियर्स के पास पिछली हार का बदला लेने का मौका, जानिए मैच से जुड़ी A To Z जानकारी

5379487