Logo
election banner
खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के दफ्तर को शिफ्ट कर दिया था। यह ऑफिस अब तक फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के घर से चल रहा था। अब इसका नया ऑफिस दिल्ली के हरि नगर में बनाया गया है।

WFI office shift : केंद्र सरकार रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) से जुड़े विवादों को हल करने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। शुक्रवार को केंद्र सरकार ने इसका दफ्तर शिफ्ट कर दिया। अब तक यह WFI के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के घर से चल रहा था। WFI का ऑफिस अब नए पते से संचालित होगा। यह  दिल्ली के हरि नगर इलाके में है। 

बृजभूषण के घर पर दफ्तर से खिलाड़ियों को थी आपत्ति
खेल मंत्रालय ने फेडरेशन का ऑफिस बृजभूषण के घर से चलने पर भी  आपत्ति जताई। दरअसल जहां से अब तक दफ्तर चल रहा था वह पूरा परिसर बृजभूषण की संपत्ति है। इसके साथ कथित तौर पर यही वह परिसर है जहां पर खिलाड़ियों के साथ यौन शोषण हुआ। खिलाड़ियों ने भी इस पर आपत्ति जताई थी कि फेडरेशन का दफ्तर बृजभूषण के घर से चल रहा है। 

खेल मंत्रालय ने स्स्पेंड कर दी फेडरेशन की नई बॉडी
बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह 21 दिसंबर को रेसलिंग फेडरेशन का चुनाव जीतकर नए अध्यक्ष बने। इसके तीन दिन बाद फेडरेशन की नई बॉडी बनाई गई। खेल मंत्रालय ने बीते रविवार को नए फेडरेशन की इस पूरी नई बॉडी को ही सस्पेंड कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि WFI ने नियमों के खिलाफ जाकर चैंपियनशिप का ऐलान किया है इसलिए यह एक्शन लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि फेडरेशन की नई बॉडी पूरी तरह से इसके पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के नियंत्रण में था। यह नेशनल स्पोर्ट्स कोड के मुताबिक नहीं था। 

बृजभूषण ने फेडरेशन की कार्रवाई के बाद क्या कहा?
कुश्ती महासंघ पर हुई कार्रवाई को लेकर कहा बृजभूषण ने कहा कि मैं कुश्ती खेल से संन्यास ले चुका हूं। मैंने अच्छा किया या बुरा किया, इसका फैसला समय करेगा। अब कानूनी प्रक्रिया का पालन करना है। खेल मंत्रालय के निर्णय पर जो लोग चुने गए हैं, वे इसका फैसला लेंगे। इसके साथ ही नए अध्यक्ष को लेकर सांसद बृजभूषण ने कहा कि संजय सिंह भूमिहार हैं। वे मेरे रिश्तेदार नहीं हैं। अंडर-15 और अंडर-20 के आयोजन का आनन-फानन में पुरानी कमेटी ने फैसला लिया था। 

5379487