Logo
election banner
India vs South Africa 2nd Test: साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को झटका लगा है। नेट सेशन में ऑलराउंडर चोटिल हो गया।

Shardul Thakur Injured : टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट से पहले बड़ा झटका लगा है। भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर चोटिल हो गए हैं। शार्दुल को नेट सेशन में बैटिंग के दौरान कंधे में चोट लगी। शार्दुल की चोट कितनी गंभीर है, फिलहाल ये साफ नहीं हुआ है। जरूरत पड़ी तो उनका स्कैन कराया जाएगा। अभी तक, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि स्कैन की जरूरत है या नहीं। 

कंधे पर गेंद लगने के बाद शार्दुल ठाकुर काफी तकलीफ में नजर आ रहे थे। उन्होंने बाद में नेट्स पर गेंदबाजी नहीं की। लेकिन, बैटिंग जारी रखी। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से केपटाउन में शुरू होगा। शार्दुल नेट सेशन में पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी थे। थ्रो डाउन का सामना करते वक्त एक गेंद उनके बाएं कंधे पर लग गई थी। वो दर्द के मारे छटपटाने लगे थे। हालांकि, उन्होंने बैटिंग जारी रखी थी। सेशन खत्म होने के बाद फीजियो ने उनके कंधे पर आइस पैक लगाया। 

बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सेंचुरियन टेस्ट तीसरे दिन ही खत्म हो गया था। ऐसे में टीम इंडिया ने केपटाउन जाने के बजाए सेंचुरियन में ही अभ्यास किया। शार्दुल ठाकुर ने पहली पारी में 24 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में वो 2 रन ही बना सके थे। शार्दुल सेंचुरियन टेस्ट में काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने 19 ओवर में 101 रन देकर सिर्फ 1 विकेट ही हासिल किया था। 

इस प्रदर्शन के बाद शार्दुल के केपटाउन टेस्ट में खेलने की उम्मीद कम लग रही है। उनके स्थान पर चोट से उबर चुके रवींद्र जडेजा खेल सकते हैं। जडेजा ने अभ्यास शुरू कर दिया है। ये भारतीय ऑलराउंडर चोट की वजह से सेंचुरियन टेस्ट में नहीं खेल सका था और भारत को बतौर बैटर निचले क्रम में उनकी कमी महसूस हुई थी। 

5379487