Logo
IPL 2024, Rishabh Pant: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी और बुरी खबर सामने आई है। फ्रेंचाइजी के मालिक पार्थ जिंदल ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

IPL 2024, Rishabh Pant: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी और बुरी खबर सामने आई है। गुरुवार को लीग के पहले 17 दिन का शेड्यूल जारी किया गया था। IPL 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होगी। पहले फेज में दिल्ली कैपिटल्स को 5 मुकाबले खेलने हैं। फ्रेंचाइजी के मालिक पार्थ जिंदल ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। जिंदल ने कहा है कि ऋषभ पंत लीग के पहले 7 मैच में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे। दरअसल ऋषभ पंत 2022 के अंत में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद से ही वह क्रिकेट से दूर हैं। वह अब सीधे 15 महीने बाद मैदान पर वापसी करेंगे और IPL 2024 में खेलते हुए नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स IPL 2024 के अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स से टकराएगी। यह मुकाबला मोहली में 23 मार्च को खेला जाएगा। 

पार्थ जिंदल ने किया खुलासा
ESPN क्रिकइंफो से बातचती में पार्थ जिंदल ने कहा, "ऋषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे हैं और वह दौड़ भी रहे हैं। उसने अपनी विकेटकीपिंग शुरू कर दी है। उसके आईपीएल के लिए पूरी तरह से फिट होने की संभावना है। मुझे उम्मीद है कि ऋषभ पंत आईपीएल खेलेंगे और वह पहले मैच से कप्तानी करेगा। पहले सात मैचों में हम उन्हें केवल एक बल्लेबाज के रूप में खिलाएंगे और उनका शरीर कैसी प्रतिक्रिया देता है, उसके आधार पर हम आईपीएल के बाकी मैचों के लिए फैसला लेंगे।" रोड एक्सीडेंट के बाद ऋषभ पंत तेजी से रिकवर कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अलूर में कुछ प्रैक्टिस मैच भी खेले हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर विकेटकीपिंग का अभ्यास करते हुए भी वीडियो शेयर किए थे। ऋषभ पंत की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स को काफी मजबूती मिलेगी।

एनरिक नॉर्टजे भी करेंगे वापसी
एनरिक नॉर्टजे पीठ की चोट के कारण हाल के कई मैचों में नहीं खेल पाए हैं। पार्थ जिंदल ने कहा कि प्रोटियाज तेज गेंदबाज अपने पहले गेम के लिए तैयार हैं। एनरिक 2020 से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। चोट के कारण वह वनडे विश्व कप 2023 नहीं खेल सके थे। पार्थ जिंदल ने कहा, "एनरिक नॉर्टजे अभी फिट हैं। वह 80% तीव्रता से गेंदबाजी कर रहे हैं। अगले हफ्ते वह 100% से गेंदबाजी करेंगे। वह IPL 2024 में वापसी करने जा रहे हैं। वह हमारे शिविर में शामिल होने जा रहा हैं।" जिंदल ने बताया कि झाय रिचर्डसन साइड स्ट्रेन के कारण लीग के पहले हाफ से बाहर हो गए हैं। साथ ही हैरी ब्रूक नंबर 6 पर बल्लेबाजी करेंगे।

ये भी पढ़ें: Delhi Capitals को घर से बाहर खेलने होंगे आईपीएल 2024 के शुरुआती 2 घरेलू मैच, जानिए क्यों ये फैसला लेना पड़ा

5379487