Logo
election banner
R Ashwin Dismisses Ben Stokes 12th Time: आर अश्विन ने एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को अपना शिकार बनाया। ये 12वीं बार है, जब स्टोक्स टेस्ट में अश्विन के शिकार बने।

नई दिल्ली। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स पर भारी पड़े। अश्विन ने हैदराबाद टेस्ट की दूसरी पारी में स्टोक्स को क्लीन बोल्ड किया। ये 12वीं बार था, जब अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में स्टोक्स का विकेट हासिल किया। स्टोक्स 6 रन ही बना सके। अब टेस्ट क्रिकेट में स्टोक्स अश्विन के सबसे बड़े शिकार बन गए हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर को अश्विन ने टेस्ट में 11 बार आउट किया। इसके बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का नंबर आता है। कुक कुल 9 बार अश्विन की गेंद पर आउट हुए हैं। 

आऱ अश्विन ने जिस गेंद पर बेन स्टोक्स को क्लीन बोल्ड किया, वो कमाल की गेंद थी। अश्विन ने इस गेंद को थोड़ी हवा दी थी और गेंद मिडिल और ऑफ स्टम्प की लाइन पर थी। इसी वजह से स्टोक्स ने इस गेंद को खेलने के लिए बल्ला आगे निकाला। लेकिन, गेंद पिच पर पड़ते ही बाहर की तरफ निकली और स्टोक्स शॉट मिस कर गए। लेकिन, गेंद नहीं चूकी और सीधे स्टोक्स का ऑफ स्टम्प ले उड़ी।

इसका वीडियो वायरल हो रहा है। स्टोक्स 33 गेंद का सामना करने के बाद महज 6 रन ही बना सके। उनके बल्ले से एक भी चौका नहीं निकला। 

अश्विन ने 12वीं बार स्टोक्स को किया आउट
अश्विन ने शुरुआत से ही स्टोक्स को बांधे रखा था और उन्हें हाथ खोलने का मौका ही नहीं दिया था। स्टोक्स ने कोशिश तो बहुत की, लेकिन वो अश्विन के चक्रव्यूह में एक बार फिर फंस गए। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि टी ब्रेक से पहले इंग्लैंड की टीम 65 गेंद तक कोई चौका नहीं लगा पाई थी और इस सेशन में भारत ने कुल 4 विकेट झटके थे। 

स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में अश्विन के खिलाफ 25 पारियों में 19 की औसत से 232 रन बनाए हैं और इस दौरान भारतीय ऑफ स्पिनर ने उन्हें 12 बार आउट किया है। इसके साथ ही अश्विन ने पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव के टेस्ट में किसी एक बैटर को सबसे ज्यादा बार आउट करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 

5379487