नई दिल्ली। अगर आपको लगता है कि महेंद्र सिंह धोनी को पता नहीं है कि चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस उनसे क्या चाहते हैं, तो मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की वेबसाइट पर जारी वीडियो आपको सोचने पर मजबूर कर देगा। दरअसल, सोशल मीडिया पर चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें रवींद्र जडेजा सीएसके के फैंस से मजाक करते दिखे थे। बाद में पता चला कि इस प्रैंक के पीछे धोनी का दिमाग था। 

केकेआर के खिलाफ मैच में चेन्नई सुपर किंग्स मजबूत स्थिति में थी। 17वें ओवर में शिवम दुबे आउट हो गए थे। यहां से जीत के लिए 3 रन चाहिए। ऐसे में कोई भी खेलने उतरता तो चेन्नई सुपर किंग्स की जीत तय थी। लेकिन, फैंस धोनी..धोनी का शोर मचा रहे थे। इसके बाद धोनी बल्लेबाजी के लिए आते, उनसे पहले ही रवींद्र जडेजा तैयार होकर मैदान में उतरने लगे। फैंस के लिए ये किसी सदमे से कम नहीं था। हालांकि, ये जडेजा का प्रैंक था और इसके पीछे का सारा दिमाग धोनी का था। 

धोनी ने फैंस के साथ किया प्रैंक
दरअसल, जडेजा धोनी से पहले ड्रेसिंग रूम से निकले और ये दिखाने की कोशिश की कि धोनी नहीं, वो बल्लेबाजी के लिए उतर रहे हैं। इसके बाद फैंस का शोर तेज हो गया। जडेजा डगआउट से आगे निकल रहे थे। लेकिन, जल्द ही वो पीछे लौट गए।

अगर जडेजा दो-चार कदम और चलकर मैदान के भीतर जाते तो शायद चेपॉक में बैठे चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को नाराज ही कर देते। हालांकि, जल्दी ही धोनी हेलमेट पहने और हाथ में बल्ला थामे ड्रेसिंग रूम से निकलकर मैदान में पहुंच गए। इसके बाद धोनी-धोनी का जो शोर सुनाई दिया, उसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। 

जडेजा को पहले भेजकर फैंस के लिए मजे
जिस वक्त धोनी बैटिंग के लिए मैदान में उतरे, उस वक्त नॉइज मीटर में 125 डेसीबल की आवाज रिकॉर्ड की गई, जो इंसान के कानों के लिए बहुत खतरनाक होती है। इसी दौरान आंद्रे रसेल भी अपने कानों पर हाथ रखे नजर आए थे। 

तुषार देशपांडे ने किया खुलासा
आईपीएल ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें तुषार देशपांडे ये खुलासा करते हैं कि इस प्रैंक के पीछे धोनी का ही दिमाग था। तुषार ने बताया, धोनी ने ही जडेजा को कहा था कि तुम तैयार होकर बैटिंग के लिए जाना, लेकिन असल में मैं बल्लेबाजी के लिए जाऊंगा। मैंने ये बात सुन ली थी। इसके बाद जडेजा ने कहा कि धोनी सिर्फ अपनी एक झलक इन लोगों को दिखाएं तो इनके लिए टिकट का पैसा वसूल हो जाएगा। हालांकि, मैच में बहुत ज्यादा कुछ बचा नहीं था। धोनी को बहुत मेहनत नहीं करनी पड़ी और सीएसके ने 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। ये इस सीजन में घर पर सीएसके की तीसरी जीत है।