Logo
MS Dhoni Monster Six: महेंद्र सिंह धोनी का सिक्स चेन्नई सुपर किंग्स की हार की वजह बन सकता है। ऐसा तो शायद ही किसी के जहन में आया होगा। लेकिन, आरसीबी के खिलाफ मैच में ऐसा ही हुआ। धोनी ने यश दयाल की गेंद पर 110 मीटर लंबा छक्का मारा था और यही सिक्स टीम की हार का कारण बना।

MS Dhoni Monster Six: महेंद्र सिंह धोनी भले ही 40 बरस के पार हो गए हैं। लेकिन, अभी भी उनकी गिनती बेस्ट फिनिशर के रूप में ही होती है। आईपीएल 2024 में भी उन्होंने कई मर्तबा इस बात को सच साबित किया। शायद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आखिरी लीग मैच में भी धोनी इसे दोबारा साबित कर देते। उन्होंने यश दयाल के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का मार इसकी उम्मीद भी जगा दी थी।

यश ने कोशिश तो यॉर्कर फेंकने की थी। लेकिन, गेंद बारिश के कारण गीली होने की वजह से फुलटॉस हो गई और धोनी ने इसे सीधे स्टेडियम के पार पहुंचा दिया। धोनी का ये सिक्स 110 मीटर लंबा था और यही छक्का ही सीएसके के लिए जी का जंजाल बन गया। ये कैसे हुआ, आइए आपको बताते हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 35 रन की दरकार थी। हालांकि, इसका कोई मतलब नहीं था। क्योंकि सबके जहन में जो टारगेट था वो 201 रन का था। क्योंकि अगर चेन्नई सुपर किंग्स इतने रन बना लेती तो फिर RCB के खिलाफ हारने के बाद भी प्लेऑफ में पहुंच जाती। क्योंकि इस सूरत में सीएसके का नेट रन रेट आरसीबी से बेहतर रहता और एक बराबर अंक होने पर ही सीएसके पहुंच जाती। 

ऐसे में चेन्नई को प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए 6 गेंद में 17 रन की जरूरत थी। धोनी के पहली गेंद पर लगाए 110 मीटर के छक्के की वजह से ये अंतर घटकर 5 गेंद पर 11 रन हो गया था। गीली गेंद और धीमे ओवर रेट के कारण लगी पेनल्टी, अब किस्मत ही आरसीबी का खेल पलट सकती थी और ऐसा ही हुआ। क्योंकि धोनी के इस मॉन्सटर सिक्स के कारण गेंद स्टेडियम के पार चली गई। इसी वजह से नई गेंद लानी पड़ी। 

धोनी के छक्के के कारण गेंद बदलनी पड़ी
नई गेंद सूखी थी, इसका मतलब यही था कि यश दयाल का अब गेंद पर अच्छा नियंत्रण होता और वो तय रणनीति के तहत गेंदबाजी कर सकते थे। उन्होंने ऐसी ही किया। गेंद बदलते ही आरसीबी की किस्मत भी पलट गई और दूसरी ही गेंद पर य़श ने धोनी को आउट कर दिया। इसके बाद 4 गेंद पर सीएसके को 11 रन चाहिए थे। लेकिन, यश ने कसी हुई गेंदबाजी की और सिर्फ एक रन ही दिया और इस तरह आरसीबी ने न सिर्फ मैच जीता, बल्कि प्लेऑफ का टिकट भी कटाया। 

सूखी गेंद से आरसीबी को मिला फायदा
खुद दिनेश कार्तिक ने भी ड्रेसिंग रूम स्पीच में यही बात कही। कार्तिक ने कहा, "आज जो सबसे अच्छी बात हुई, वो ये कि धोनी का सिक्स के कारण गेंद स्टेडियम के पार चली गई। इसके बाद हमें नई गेंद मिली, जिससे गेंदबाजी करना ज्यादा आसान रहा।"

एक एक्स यूजर ने भी लिखा कि गेंद बदलने के बाद खेल का रुख बदल गया और चेन्नई सुपर किंग्स की किस्मत इस गेंद ने तय कर दी। अगर गेंद नहीं बदलती तो शायद हालात और मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था। खैर, यही क्रिकेट की खूबसूरती है। इसीलिए कहा जाता है कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है।

आरसीबी ने लगातार छठा मैच जीत प्लेऑफ का टिकट कटाया। फाफ ़डुप्लेसी को उनकी अर्धशतकीय पारी के कारण प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

5379487