Logo
election banner
पिछले साल शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को 2023 का एलन बॉर्डर मेडल मिला है।

Australian Cricket Awards: पिछले साल शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को 2023 का एलन बॉर्डर मेडल मिला है। साथ ही एश्ले गार्डनर को महिला वर्ग में दिया जाने वाला बेलिंडा क्लार्क मेडल मिला है। इन पुरस्कारों को अंपायर्स, खिलाड़ियों और मीडिया वोटिंग के आधार पर दिया जाता है। मार्श ने 2023 के मध्य में इंग्लैंड में एशेज के दौरान टेस्ट क्रिकेट में शानदार वापसी की और 118 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने वनडे विश्व कप के दौरान 49 की औसत से 441 रन बनाए। जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 177 रन भी शामिल हैं।

भावुक हुए मार्श
इस सम्मान को पाने के बाद मार्श भावुक हो गए। उन्होंने उन्होंने अपनी पत्नी ग्रेटा, कप्तान पैट कमिंस और कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड को धन्यवाद दिया। 22 जनवरी, 2023 से 9 जनवरी, 2024 तक चलने वाले वोटिंग पीरियड के दौरान मार्श ने छह टेस्ट में 66 की औसत से 594 रन बनाए। वनडे में उन्होंने 47.66 की औसत से 858 रन बनाए। इस अवॉर्ड के लिए मिचेल मार्श को 223 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को 144 और तीसरे पायदान पर रहे स्टीव स्मिथ को 141 वोट मिले। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर मिचेल स्टार्क (135) और 5वें पर ट्रेविस हेड (134) रहे। 

गार्डनर को मिले 147 वोट
गार्डनर (147 वोट) ने दूसरी बार बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार जीता है। इससे पहले उन्हें 2022 में यह सम्मान मिला था। एशेज टेस्ट में उन्होंने 165 रन देकर 12 विकेट लिए थे। वोटिंग पीरियड के दौरान गार्डनर ने वनडे में 18.55 की औसत से 20 विकेट लिए, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 7.49 की इकॉनमी दर के साथ 22.73 की औसत से 19 विकेट हासिल किए। 

2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मार्श और गार्डनर का प्रदर्शन
पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मार्श के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 5 टेस्ट में 67.50 की औसत के साथ 540 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। साथ ही 4 विकेट भी लिए थे। उन्होंने पिछले साथ 20 वनडे में 113.94 की स्ट्राइक रेट से 858 रन बनाए थे और 2 विकेट लिए थे। साथ ही उन्होंने 2023 में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 186 रन बनाए थे। पिछले साल गार्डनर ने 2 टेस्ट में कुल 17 विकेट, 13 वनडे में 24 विकेट और 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 17 विकेट चटकाए। 

अवॉर्ड विजेताओं की सूची

  • एलन बॉर्डर मेडल: मिचेल मार्श
  • बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार: एशले गार्डनर
  • शेन वार्न पुरुष टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर: नाथन लियोन
  • पुरुष वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर: मिशेल मार्श
  • महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर: एलिसे पेरी
  • महिला टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर: एलिसे पेरी
  • पुरुष T20 प्लेयर ऑफ द ईयर: जेसन बेहरेनडॉर्फ
  • बीबीएल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: मैट शॉर्ट
  • WBBL प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: चमारी अटापट्टू
  • वर्ष का पुरुष घरेलू क्रिकेटर: कैमरून बैनक्रॉफ्ट
  • वर्ष की महिला घरेलू क्रिकेटर: सोफी डे और एलिसे विलानी
  • ब्रैडमैन पुरुष युवा क्रिकेटर ऑफ द ईयर: फर्गस ओ नील
  • बेट्टी विल्सन वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला युवा क्रिकेटर: एम्मा डी ब्रौघे
5379487