Logo
election banner
Mayank Agarwal Century, Ranji Trophy: भारतीय टेस्ट टीम से 2 साल से बाहर चल रहे मयंक अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी में शतक ठोका है। वो इस सीजन में कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं।

नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक और गुजरात के बीच मोटेरा में मुकाबला खेला जा रहा। इस मैच में कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था और गुजरात को पहली पारी में 264 रन पर समेट दिया था। इसके जवाब में कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में धमाकेदार शुरुआत की। कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने मैच के दूसरे दिन तूफानी अंदाज में शतक ठोका। मयंक ने चौके से अपना सैकड़ पूरा किया। हालांकि, इसके बाद वो आउट हो गए। 

मयंक अग्रवाल ने 124 गेंद में 109 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान मयंक ने 17 चौके और एक छक्का मारा। उनका विकेट चिंतन गजा ने हासिल किया। मयंक और साथी ओपनर समर्थ आऱ के बीच पहले विकेट के लिए 231 गेंद में 172 रन की साझेदारी हुई। समर्थ ने भी अर्धशतक जमाया। 

मयंक ने रणजी ट्रॉफी में ठोका शतक
बता दें कि रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में मयंक कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं। ये इस सीजन का उनका दूसरा मैच है। पंजाब के खिलाफ हुए रणजी ट्रॉफी के इस सीजन के पहले मुकाबले में मयंक दोनों ही पारियों में खाता नहीं खोल पाए थे। अच्छी बात ये थी कि कप्तान के शून्य पर आउट होने के बावजूद कर्नाटक ने पहला मैच 7 विकेट से जीता था। 

मयंक 2 साल से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे
मयंक अग्रवाल करीब 2 साल से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने पिछला टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ मार्च 2022 में खेला था। उस मुकाबले की दोनों पारियों में मिलाकर मंयक ने 26 रन ही बनाए थे। इसके बाद से ही मयंक टीम इंडिया से आउट हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2023 में कर्नाटक की तरफ से खेलते हुए 9 मैच में 93 की स्ट्राइक रेट से 328 रन बनाए थे। उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक जमाया था। 

रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए शतकीय पारी खेलकर मयंक ने टीम इंडिया में वापसी का दावा तो ठोक दिया है। लेकिन, उनका कमबैक आसान नहीं होगा क्योंकि ओपनिंग स्लॉट के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा है। शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल के अलावा अभिमन्यु ईश्वरन भी लगातार रन बना रहे हैं।

5379487