Logo
election banner
IND vs ENG, 2nd Test Day 3: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है।

IND vs ENG, 2nd Test Day 3: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम के वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए हैं। जैक क्रॉली 29 और रेहान अहमद 9 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड को दूसरा टेस्ट जीतने के लिए 332 रन तो भारत को 9 विकेट की दरकार है। इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में 255 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 28 रन बनाए थे। आइए तीसरे दिन के टॉप मोमेंट्स के बारे में जानते हैं।

एंडरसन ने शानदार गेंद पर किया रोहित को बोल्ड
भारतीय टीम के लिए तीसरे दिन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने एक शानदार गेंद पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को बोल्ड किया। एंडरसन की इस गेंद को रोहित जरा सा भी नहीं पढ़ पाए और गेंद ने गिल्लियां बिखेर दीं। एंडरसन की इस गेंद का वीडियो अब तेजी से वायरल भी हो रहा है। वहीं बात करें भारतीय कप्तान की तो उन्होंने 21 गेंदों पर 13 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में 14 रन बनाए थे। दूसरी ओर एंडरसन टेस्ट में अब तक 695 विकेट चटका चुके हैं। वह टेस्ट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस लिस्ट में पहले पर मुथैया मुरलीधरन (800) और दूसरे पर शेन वॉर्न (708) हैं।

गिल ने टेस्ट में 331 दिन बाद लगाया शतक
विशाखापत्तनम में गिल ने टेस्ट शतक का सूखा खत्म किया। उन्होंने 331 दिन बाद टेस्ट में शतक लगाया। इससे पहले युवा भारतीय बल्लेबाज ने 11 मार्च, 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में शतक जड़ा था। गिल ने टेस्ट में नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए पहला और कुल तीसरा शतक लगाया। गिल ने 147 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने आलोचकों को भी चुप करा दिया। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण टेस्ट में गिल की जगह पर सवाल खड़े हो रहे थे। 

स्टोक्स का हैरतअंगेज कैच
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने श्रेयस अय्यर का हैरतअंगेज कैच पकड़ा। इंग्लिश कप्तान पहले तो करीब 25 मीटर पीछे की ओर भागे और इसके बाद उन्होंने फुल स्ट्रेच डाइव लगाई। उनके इस कैच की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। सभी क्रिकेट प्रेमी मैदान पर उनकी फुर्ती के मुरीद हो गए हैं। इस कैच को लपकने के साथ ही स्टोक्स ने शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के बीच बन रही साझेदारी को भी तोड़ा। अय्यर 52 गेंदों पर 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने 2 चौके भी लगाए। अय्यर ने पहली पारी में 27 रन बनाए थे। 

jindal steel Ad
5379487