MI IPL 2024 Preview: हार्दिक पंड्या की घर वापसी, क्या नया कप्तान मुंबई इंडियंस को बना पाएगा चैंपियन? रोहित का क्या रोल होगा

Hardik Pandya
X
हार्दिक पंड्या की अगुआई में क्या मुंबई इंडियंस आईपीएल का खिताब जीत पाएगी।
Mumbai Indians IPL 2024 preview: हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2024 में प्रदर्शन कैसा रहता है। इसपर सबकी नजर रहेगी। आइए जानते हैं टीम की ताकत और कमजोरी क्या है।

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में नए कप्तान के साथ उतरेगी। हार्दिक पंड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई है। उन्हें रोहित शर्मा को हटाकर टीम का कप्तान बनाया गया है। ऐसे में नए कप्तान की अगुआई में क्या मुंबई इंडियंस खिताबी ट्रैक पर लौट पाएगी ये बड़ा सवाल है। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस ने 14 में से 8 मुकाबले जीते थे। लीग स्टेज में टीम चौथे पायदान पर रही थी। एलिमिनेटर में मुंबई ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया था। लेकिन, दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस से हार गई थी।

इस बार मुंबई इंडियंस में कप्तान बदल गया है। इसके अलावा कई खिलाड़ियों की उपलब्धता और चोट ने भी टीम की परेशानी बढ़ा रखी है। सूर्यकुमार यादव मुंबई के पहले मैच के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। पिछले तीन महीनों में उनके टखने की समस्या और स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी हुई थी और वर्तमान में वह बेंगलुरु में एनसीए में रिहैब से गुजर रहे। जेसन बेहरनडॉर्फ का पैर टूट गया है और इसी वजह से वो आईपीएल से बाहर हो गए हैं। ल्यूक वुड उनके रिप्लेसमेंट हैं।

गेराल्ड कोएत्ज़ी टीम में शामिल हो गए हैं, लेकिन वह अभी भी कमर की चोट से उबर रहे हैं और पहले कुछ मैचों के लिए उपलब्ध होने की संभावना नहीं है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगने वाले दिलशान मदुशंका के भी शुरुआती चरण में नहीं खेलने की उम्मीद है। ऐसे में मुंबई की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है।

इस साल मुंबई इंडियंस में क्या नया?
हार्दिक पंड्या मुंबई वापस आ गए हैं और कप्तान के रूप में उन्होंने रोहित शर्मा से यह जिम्मेदारी ली है। यह पहली बार है कि भारत का कोई मौजूदा T20I कप्तान आईपीएल में किसी और के नेतृत्व में खेलेगा। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि अतिरिक्त जिम्मेदारी के बिना रोहित कैसा प्रदर्शन करते हैं। टीम में 6 नए विदेशी खिलाड़ी हैं-कोएट्जी, मदुशंका, वुड, नुवान तुषारा, रोमारियो शेफर्ड और मोहम्मद नबी।

लसिथ मलिंगा की तरह स्लिंग एक्शन से गेंदबाजी करने वाले तुषारा ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मैच में हैट्रिक समेत पांच विकेट लिए। अनकैप्ड भारतीयों में, श्रेयस गोपाल को पीयूष चावला के बैकअप के रूप में जोड़ा गया है

मुंबई की बैटिंग मजबूत कड़ी
मुंबई इंडियंस के पास अच्छे भारतीय बैटर हैं। अगर सूर्यकुमार यादव फिट हो जाते हैं तो मुंबई के टॉप-5 में सभी भारतीय बैटर हो सकते हैं। रोहित, ईशान, सूर्यकुमार, हार्दिक और तिलक वर्मा। टिम डेविड छठे नंबर पर खेल सकते हैं। ये ऐसी बैटिंग यूनिट है तो बड़ा स्कोर बनाने के साथ ही रन चेज भी कर सकती है। पिछले सीजन में भी टीम ने कई बार 200 रन का चेज किया था।

हार्दिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वो गेंदबाजी कर सकते हैं। इससे टीम का संतुलन अच्छा हो जाएगा। शेफर्ड और नबी के रूप में मुंबई के पास अच्छे ऑलराउंडर हो जाएंगे। जसप्रीत बुमराह पेस अटैक की कमान संभालेंगे।

स्पिन गेंदबाजी कमजोर है
मुंबई के पास अच्छे स्पिन गेंदबाज की कमी है। पीयूष चावला पिछले सीजन में बड़ा फैक्टर थे। उन्होंने 16 मैच में 22 विकेट झटके थे। लेकिन, हालिया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने 7 मैच में 4 विकेट ही लिए थे। 35 साल की उम्र में क्या वो मुंबई इंडियंस के स्पिन डिपार्टमेंट की कमान संभाल पाएंगे? कुमार कार्तिकेय भी बहुत असरदार नहीं है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story