15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया के लिए खेलने के योग्य। ICC नियम के अनुसार 15 साल है डेब्यू की न्यूनतम उम्र।

Vaibhav Sooryavanshi birthday: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वो हैं वैभव सूर्यवंशी। महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसे कारनामे कर दिखाए, जिनसे वह सीधे टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे रहा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब वह सीनियर टीम के लिए खेलने के योग्य हो गया है? जवाब है- हां।

दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू के लिए न्यूनतम उम्र 15 साल तय है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नियमों के मुताबिक, लागू होती है। वैभव 27 मार्च को 15 साल के हो गए हैं, यानी अब वे आधिकारिक रूप से भारत की सीनियर टीम के लिए खेलने के पात्र हो चुके। खास बात यह है कि उनका जन्मदिन IPL 2026 शुरू होने से पहले आया है।

वैभव ने बेहद कम उम्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने IPL में शतक भी जड़ दिया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया है।

हाल ही में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 7 पारियों में कुल 439 रन बनाए और 30 छक्के लगाए, जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी मिला।

फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेली, जो किसी भी ICC टूर्नामेंट (सीनियर या जूनियर) के फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। इस मैच में भी उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वैभव की बल्लेबाजी की खासियत है कि वह पूरे मैदान में शॉट खेल सकते और उनका स्ट्राइक रेट हमेशा ऊंचा रहता। वह उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने यूथ वनडे में 150+ के कई स्कोर बनाए हैं। इस लिस्ट में श्रीलंका के पुलिंदु परेरा और दक्षिण अफ्रीका के जोरिच वैन शाल्कविक जैसे नाम भी शामिल हैं।

हालांकि, विशेषज्ञ मानते हैं कि उन्हें अभी दबाव में खेलने का अनुभव बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन उनकी निडरता, पावर हिटिंग और शॉट मेकिंग क्षमता उन्हें खास बनाती है। आने वाले समय में अगर उन्हें सही मौके और एक्सपोजर मिलता है, तो वे टीम इंडिया के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।