कोलंबो। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 मुकाबले में आयरलैंड के स्टैंड-इन कप्तान लॉर्कन टकर ने ओमान के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसने रिकॉर्ड बुक में हलचल मचा दी। नंबर चार पर उतरे टकर ने 51 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 94 रन ठोके और अपनी टीम को 235/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
यह टी20 विश्व कप में किसी कप्तान द्वारा खेली गई दूसरी सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन बनाए थे।
इस सूची में शीर्ष पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ कप्तान के रूप में 98 रन ठोके थे। तीसरे स्थान पर भी गेल (88 रन, 2009) और चौथे पर केन विलियमसन (85 रन, 2021) काबिज हैं।
टकर की 94* रन की यह पारी टी20 विश्व कप में किसी आयरलैंड बल्लेबाज की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड कर्टिस कैंफर के नाम था, जिन्होंने 2022 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 72* रन बनाए थे।
मैच में आयरलैंड ने आखिरी पांच ओवरों में 93 रन बटोरे, जो टी20 विश्व कप इतिहास में अंतिम पांच ओवरों का तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले जिम्बाब्वे (2024, गांबिया के खिलाफ 116 रन) और भारत (2024, अफगानिस्तान के खिलाफ 103 रन) आगे हैं। टकर की कप्तानी में आयरलैंड ने दमदार बल्लेबाजी कर ओमान के सामने बड़ा लक्ष्य रखा और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की।
